NSUI की Amit Shah से मांग, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करो, NTA भंग करो
May 25, 2026, 21:29 IST
RNE Bikaner.
NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इसी क्रम में NSUI बीकानेर के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल बीकानेर दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने तथा पूरे मामले की CBI या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की जाएगी।
NSUI का आरोप है कि NEET और UGC-NET जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से देश के करीब 24 लाख छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। संगठन ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय और NTA छात्रों का भरोसा कायम रखने में विफल रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल Re-NEET कराने, पेपर लीक माफिया पर NSA और UAPA जैसी कड़ी धाराओं में कार्रवाई करने तथा दोषियों की संपत्ति कुर्क करने की भी मांग करेगा।
जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि “युवा अब सिर्फ आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगा। यदि सरकार ने तत्काल कठोर कदम नहीं उठाए तो NSUI सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी।”

