8 फरवरी को डोटासरा की बीकानेर में जनसभा, हर वार्ड से जुटेंगे कार्यकर्ता
पंचायत-निगम चुनाव को लेकर शहर कांग्रेस की रणनीति तय, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत
RNE Bikaner.
आगामी पंचायत राज और नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर शहर कांग्रेस ने कमर कस ली है। 28 फरवरी को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बीकानेर आगमन और प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की गई है।
कोठारी हॉस्पिटल रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने स्पष्ट कहा कि अब संगठन में सक्रियता ही पद का आधार होगी। जो पदाधिकारी कार्यक्रमों में 100 प्रतिशत उपस्थिति और जिम्मेदारी के साथ कार्य नहीं करेंगे, उन्हें पद पर बने रहने का अवसर नहीं मिलेगा।

मेघवाल ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में प्रत्येक वार्ड से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता और आमजन को 28 फरवरी की जनसभा में पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यह निर्देश राष्ट्रीय स्तर से प्राप्त हुए हैं और जिला कांग्रेस इन्हें पूरी सख्ती से लागू करेगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य यशपाल गहलोत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर चुनौती में मजबूती से खड़े रहते हैं और बीकानेर शहर कांग्रेस इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाएगी।
प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान आरिफ ने संगठन के नए स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि जिम्मेदार पदाधिकारियों को अपनी सक्रियता बनाए रखनी होगी, तभी संगठन में स्थान सुनिश्चित होगा।
कांग्रेस नेता नितिन वत्सस ने बताया की बैठक में विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वार्ड स्तर तक रणनीति बनाई गई है।
बैठक का संचालन रामनाथ आचार्य ने किया, जबकि प्रवक्ता विकास तंवर ने जानकारी दी कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

