गोपाष्टमी जैसे गौ माता के महापर्व के अवसर पर श्री गंगा जुबिली पिंजरा पोल गौशाला,लक्ष्मीनाथ मन्दिर में गौ माता संकीर्तन धूमधाम से मनाया
RNE Bikaner
बीकानेर। गोपाष्टमी जैसे गौ माता के महापर्व के अवसर पर श्री गंगा जुबिली पिंजरा पोल गौशाला, लक्ष्मीनाथ मन्दिर में गौ माता संकीर्तन व संतों के सानिध्य में धूमधाम से मनाया गया। प्रातः 8 बजे से इस भव्य आयोजन का शुभारम्भ हुआ। सर्वप्रथम बाल संत छैल बिहारी का मार्गदर्शन व आशीर्वचन द्वारा गौ माता की महत्ता का वर्णन बताया गया एवं हमारे जीवन में गौ माता के द्वारा हमारा जीवन कैसे सार्थक बनाया जा सकता है, इस पर आशीर्वचन से गौ भक्तों को गौ माता के साक्षात दर्शन कराये।
श्री श्री 108 महामण्डलेश्वर राम झरोखा पीठाधीश्वर श्री सूरजदास जी महाराज राष्ट्रीय संत ने गोपाष्टमी महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि गौ माता को हमें अपने जीवन में उतारना होगा, हमें नित्य कर्म से गौ माता को जोड़ना होगा, हमारे जीवन का कोई भी धार्मिक कार्य गौ माता के बिना संभव नहीं है। यदि हमें सनातन धर्म की रक्षा करनी है, हमें अपना कल्याण करना है, हमें बच्चों को संस्कार देने हैं, हमें अपनी संस्कृति की रक्षा करनी है, यदि हमें पर्यावरण को शुद्ध करना है तो गौ माता की सेवा व रक्षा से ही संभव है।
मेरी मातृशक्ति से विशेष अपील है कि आपको मातृत्व की रक्षा करनी है तो हमारे बच्चों को विशेष स्थान देना होगा। बच्चे ही नहीं होंगे तो हमारा समाज की, देश की रक्षा कौन करेगा। मातृशक्ति से अपील है कि बच्चे पैदा करने में कोताही न करें। भ्रूण हत्या न करें बल्कि भ्रूण हत्या का समूल नाश देवें। बच्चों से ही देश का भविष्य है। अतः देश को अपनी ओर से बच्चों की सौगात देवें।
इस कार्यक्रम में पंडित गिरीराज जोशी व चन्द्रेश अग्रवाल ने भजनों की प्रस्तुति से समा बांध दी। अंत में संस्था के मंत्री श्री भगवान जी अग्रवाल ने श्री श्री 108 सूरजदास जी महाराज, बाल संत श्री छैल बिहारी व गौ भक्तों का अभिवादन व स्वागत करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की।

