Movie prime

PBM Hospital : प्रसव के बाद किडनी फेल होने के मामले में एक और प्रसूता की मौत

 

RNE Bikaner.

 

पीबीएम अस्पताल में डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में रविवार को एक और प्रसूता की मौत हो गई। शारदा नायक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले प्रसूता प्रीति की भी मौत हो चुकी है। मामले में अब तक दो प्रसूताओं की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य महिलाओं का उपचार जारी है।

 

जानकारी के अनुसार डिलीवरी के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई कई प्रसूताओं में से छह महिलाओं की किडनी फेल होने की स्थिति सामने आई थी। सभी को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर विशेष उपचार दिया जा रहा था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने शारदा नायक की मौत की पुष्टि की है।

इस घटना के बाद पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं। अस्पताल में कथित अव्यवस्थाओं और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है। "पीबीएम_सुधारो_जनआंदोलन" के तहत अस्पताल परिसर में धरना भी जारी है।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने शारदा नायक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय लापरवाही के कारण एक और प्रसूता की जान चली गई। उन्होंने कहा कि अब तक दो प्रसूताओं की मौत और कई महिलाओं की किडनी खराब होने की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।

सियाग ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा दिया जाए तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि उन परिवारों की पीड़ा है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।

FROM AROUND THE WEB