मानसून पूर्व सफाई अभियान : महनंद तालाब पर जुटे जागरूक नागरिक, जल संरक्षण का दिया संदेश
RNE Network.
मानसून पूर्व जल संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए आज रविवार को श्री महनंद तालाब, श्रीरामसर रोड, नत्थूसर गेट के आगे व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान में टीम “Hour for Nation” सहित अनेक सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों एवं जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

उल्लेखनीय है कि बीकानेर में पिछले कई वर्षों से तालाबों की सफाई एवं जल संरक्षण को लेकर सामाजिक स्तर पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। इस वर्ष तालाब की स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर नजर आई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल के प्राकृतिक मार्गों को साफ करना तथा तालाब के जल संग्रहण क्षेत्र से प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य कचरे को हटाना रहा, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक जल संग्रहण हो सके। इससे भूमि में जल रिचार्ज बढ़ेगा तथा भविष्य में पानी का उपयोग पेयजल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अधिक प्रभावी रूप से हो सकेगा।

बीकानेर प्रशासन द्वारा भी अभियान में सहयोग करते हुए डम्पर एवं जेसीबी मशीनें उपलब्ध करवाई गईं। तालाब से जुड़े ट्रस्ट, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पूरे समर्पण भाव से कार्य किया।

इस अवसर पर आगामी 15 मई को आयोजित होने वाले “रिश्तों की राह” पारिवारिक वॉक कार्यक्रम के प्रति जागरूकता के लिए सुश्री निशा लिम्बा भी उपस्थित रहीं।
टीम “Hour for Nation” वर्ष 2016 से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रसेवा के विभिन्न अभियानों में लगातार सक्रिय है। टीम का उद्देश्य बिना किसी लाभ, प्रभाव या प्रचार की अपेक्षा के समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है। टीम के सदस्य नियमित रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई, जागरूकता एवं सामाजिक सहयोग के कार्य करते आ रहे हैं।

आज के अभियान में मानक व्यास, सीए वसीम रज़ा, डॉ बृजेन्द्र त्रिपाठी, बसंत, मो. हसन, सीए सुधीश शर्मा, डॉ फारूक, डॉ विशाल मलिक, इन्द्र सिंह, मनोज सोनी, शक्ति सिंह सेरूना, कपिला शर्मा, दीपा सिंह, सुरभि शर्मा, वंदना शर्मा एवं डॉ रेखा श्रीवास्तव सहित अनेक जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

टीम “Hour for Nation” ने आमजन से अपील की कि जल संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे विषयों को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानते हुए प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।
“हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम।”

