राजरंगा बगेची में पुष्करण पार्षदों का सम्मान, बीडी कल्ला बोले-चुनाव में विचारधारा अलग, जीतने के बाद सब बीकानेर के
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर की राजरंगा बगेची में महापौर अनिल कल्ला और पुष्करणा समाज के नवनिर्वाचित पार्षदों का भव्य सम्मान किया गया। समारोह में राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर अभिनंदित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों से बीकानेर के विकास, स्वच्छता, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जीतने के बाद सब बीकानेर के : कल्ला
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि राजरंगा धरणीधर ट्रस्ट की यह पहल बीकानेर की संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को मजबूत करने वाली है। चुनाव के दौरान राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन जीतने के बाद सभी जनप्रतिनिधि बीकानेर के हैं और शहर के विकास के लिए उनकी जिम्मेदारी साझा है। पुष्करणा समाज शुरू से ही बुद्धिजीवी, प्रगतिशील और मानववादी रहा है। महापौर अनिल कल्ला और सभी पार्षदों से अपेक्षा है कि वे बीकानेर को स्वच्छता, शिक्षा और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाएं। उन्होंने ट्रस्ट के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
यह एकजुटता अच्छी है : सोलंकी
भाजपा नेता नंदकिशोर सोलंकी ने कहा बीकानेर में पुष्करणा समाज का योगदान गौरवशाली रहा है।एकजुट होने का जो संदेश गया है, वह शहर के लिए शुभ संकेत है। महापौर अनिल कल्ला के नेतृत्व में सभी पार्षद सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हुए बीकानेर के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेंगे।
कमल रंगा बोले, ये सम्मान समाज का दायित्व :
ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक, वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है। इसी भावना के साथ ट्रस्ट ने बीकानेर नगर निगम के महापौर और पुष्करणा समाज के पार्षदों का अभिनंदन किया है। आशा है कि महापौर के नेतृत्व में सभी पार्षद बीकानेर की समृद्ध राजनीतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नए बीकानेर के निर्माण में योगदान देंगे।
मेयर अनिल कल्ला ये बोले :
सम्मान के प्रति आभार जताते महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि इस अभिनंदन के बाद अपने कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ गई है। विश्वास दिलाता हूं कि संकीर्ण विचारधाराओं से ऊपर उठकर सभी पार्षदों के सहयोग से शहर के विकास के लिए पूरी निष्ठा और लगन से काम करूंगा।
इनका हुआ सम्मान :
महापौर अनिल कल्ला के साथ पार्षद दुर्गादास छंगाणी, अपर्णा आचार्य, सरिता व्यास, अन्नपूर्णा व्यास, दीपक व्यास और नवल पुरोहित के प्रतिनिधि श्याम आचार्य का सम्मान किया गया। समारोह की अध्यक्षता मंगलचंद रंगा ने की। ट्रस्ट अध्यक्ष इन्द्रजीत रंगा, संरक्षक शिव कुमार रंगा, भैंरू रतन रंगा, सचिव डॉ. चंद्रशेखर रंगा सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी और राजरंगा परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उद्घोषक ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। अंत में डॉ. चंद्रशेखर रंगा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

