Rail Minister Ashwani Vaishnav ने Bikaner-Sabarmati ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, अनूपगढ़-खाजूवाला रेल लाइन की DPR बन रही
RNE BIKANER.
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से बहुप्रतीक्षित बीकानेर-साबरमती रेगुलर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति में विश्वास करती है और सीमावर्ती क्षेत्रों तक रेलवे नेटवर्क पहुंचाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है और रेलवे विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बीकानेर से अहमदाबाद की सीधी सुविधा :
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि लंबे समय से बीकानेर को अहमदाबाद से सीधे जोड़ने की मांग की जा रही थी। अब बीकानेर से साबरमती के बीच प्रतिदिन रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बीकानेर, नोखा, नागौर, जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अहमदाबाद तक सीधी और नियमित रेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचेगी रेल :
रेल मंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं तक रेल नेटवर्क पहुंचाने के लिए विशेष योजना पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल सेवा शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया में रेल संपर्क बढ़ने से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण साबित होगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना :
कार्यक्रम के दौरान वैष्णव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने 60 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए और उसकी तुलना मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यों से करनी चाहिए।
रेल मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस शासन में राजस्थान को रेलवे विकास के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिला, जबकि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में रिकॉर्ड रेल परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जितनी रेल पटरियां पिछले 12 वर्षों में बिछाई गई हैं, उतनी पूर्ववर्ती 60 वर्षों में भी नहीं बिछी थीं। एक सवाल के जवाब में तंज किया "जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं और हमें अपना काम करने दो।"
रेलवे और तकनीक में आत्मनिर्भर भारत :
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही है। देश में नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की दिशा में आगे बढ़ चुका है और रक्षा क्षेत्र में भी निर्यातक देश के रूप में उभर रहा है। रेलवे क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भारत अब विभिन्न देशों को लगभग 150 रेल इंजन निर्यात कर रहा है।

बीकानेर में किया योग, ये बोले :
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेल मंत्री ने सुबह बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे। वैष्णव ने कहा कि जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद ने विश्व मंच पर भारत की आध्यात्मिक पहचान स्थापित की थी, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों के कारण आज योग पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है।
जानिए कहां से गुजरेगी ट्रेन :
नई ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को लाभ पहुँचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीन माल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड़, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ होंगे।
लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह नई एक्सप्रेस सेवा के प्रारंभ होने के साथ ही बीकानेर से अहमदाबाद तक दैनिक एक्सप्रेस रेल सम्पर्क स्थापित हो जाएगा। इस दैनिक ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी। यह ट्रेन दोनों राज्यों के क्षेत्रीय विकास, आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

