Railway News : कर्मचारियों ने बोनस की गणना 07 की बजाय 18 हजार मूल वेतन से करने की मांग उठाई!
Rudra News Express Bikaner.
रेलवे कर्मचारियों को बोनस की घोषणा से जितनी खुशी है उससे कहीं अधिक इसके प्रावधानों की विसंगति से नाराजगी भी जाहीर हो रही। कर्मचारियों के कहना है कि उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) की गणना 07 हजार की निर्धारित सीमा के बजाय वर्तमान न्यूनतम मूल वेतन 18 हजार के आधार पर की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ (UPRKS) ने शुक्रवार को बीकानेर वर्कशॉप के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। भारतीय रेलवे मजदूर संघ (BRMS) के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने बोनस गणना की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव के लिए नारे लगाए।
ये है कर्मचारियों की मांग :
BRMS का कहना है कि केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम मूल वेतन ₹18,000 है, लेकिन रेलवे कर्मचारियों के उत्पादकता आधारित बोनस की गणना के लिए ₹7,000 की सीमा निर्धारित है। इससे कर्मचारियों को उनकी मौजूदा वेतन संरचना और बढ़ती महंगाई के अनुरूप बोनस का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बोनस की गणना के लिए छठे वेतन आयोग के आधार पर निर्धारित सीमा में संशोधन किया जाए और सातवें वेतन आयोग की वर्तमान वेतन संरचना के अनुरूप बोनस राशि का पुनर्निर्धारण किया जाए।
मान्यता प्राप्त संगठनों की चुप्पी पर नाराजगी :
BRMS ने इस मुद्दे पर दोनों मान्यता प्राप्त रेलवे कर्मचारी संगठनों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे कर्मचारियों के हितों के साथ धोखा बताया। उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को उचित बोनस दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मांगों को संगठित एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

