Rajasthan BJP : निकाय चुनाव के लिए 13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति बनाई, बीकानेर की पूर्व महापौर सुशीला राजपुरोहित को मिली जिम्मेदारी
Rudra News Express Jaipur-Bikaner.
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान ने आगामी स्थानीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को गति देते हुए 13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। प्रदेश भाजपा द्वारा जारी सूची में बीकानेर की पूर्व महापौर सुशीला राजपुरोहित को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। इसे बीकानेर के राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा द्वारा दिया गया महत्वपूर्ण दायित्व माना जा रहा है।
समिति का गठन निकाय चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करने और जनसुझावों को शामिल करने के उद्देश्य से किया गया है। समिति शहरी विकास, स्वच्छता, पेयजल, यातायात, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर सुझाव लेकर पार्टी का विजन दस्तावेज तैयार करेगी।
ये हैं समिति के प्रमुख सदस्य :
समिति में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेन्द्र कुमार गहलोत, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर, महेश विजयवर्गीय, गोविंद टांक, बृजलता हाड़ा, सुशीला राजपुरोहित, कृष्णा कटारा, राकेश शर्मा और पूर्व उपमहापौर गिरीश चौधरी को शामिल किया गया है।
बीकानेर को मिला प्रतिनिधित्व :
समिति में पूर्व महापौर सुशीला राजपुरोहित को शामिल किए जाने को बीकानेर भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। नगर निगम में उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ पार्टी को निकाय चुनाव का घोषणा पत्र तैयार करने में मिल सकता है।
भाजपा संगठन का उद्देश्य स्थानीय निकायों से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए ऐसा घोषणा पत्र तैयार करना है, जो शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं को केंद्र में रखकर पार्टी की विकासात्मक सोच को सामने रखे।

