Rajasthan Education: 346 महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को हिंदी माध्यम से चलाया जाएगा
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान सरकार प्रदेश के 346 महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में फिर से हिंदी माध्यम शुरू करने की तैयारी में है। कम छात्र संख्या वाले इन स्कूलों को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों और समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे विद्यालयों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तत्काल भेजें। रिपोर्ट में यह स्पष्ट करना होगा कि संबंधित स्कूल में हिंदी माध्यम शुरू करने की आवश्यकता क्यों है, इससे अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा और अंग्रेजी माध्यम लागू होने से पहले तथा बाद में नामांकन की स्थिति क्या रही।
इसके अलावा आसपास के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की दूरी, उनमें उपलब्ध संकाय, विषय और विद्यार्थियों की संख्या का भी पूरा ब्यौरा मांगा गया है। विभाग ने सभी सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ भेजने के निर्देश दिए हैं।
माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर इन स्कूलों में पढ़ाई का माध्यम बदलना लगभग तय है। ऐसे में प्रदेश के इन 346 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में दोबारा हिंदी माध्यम की कक्षाएं शुरू हो सकती हैं।

