Rajasthan : 06 महीने पहले बिल पास होने पर भी नहीं मिला शिक्षकों के उपार्जित अवकाश का भुगतान, जानिए क्यों!
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान के शिक्षकों और अन्य सरकारी कार्मिकों के समर्पित अवकाश के नकद भुगतान का मामला छह महीने से अटका हुआ है। भुगतान की उम्मीद में बैठे कार्मिकों की परेशानी अब वित्त विभाग के नए निर्देशों ने और बढ़ा दी है। अप्रैल-मई 2026 में तैयार किए गए बिल कोषालय से पारित होने के बावजूद खातों में भुगतान नहीं पहुंचा। अब नवंबर में लेवल-11 से ऊपर के कार्मिकों के बिलों को दोबारा रीप्रोसेस करने के निर्देश जारी होने से शिक्षकों में असमंजस और रोष है।
कार्मिकों का कहना है कि जब कोषालय पहले ही बिल पारित कर चुका है तो अब उन्हें दोबारा रीप्रोसेस क्यों किया जा रहा है? पुराने बिलों का क्या होगा? क्या उन्हें निरस्त कर नए बिल बनाए जाएंगे? और क्या भुगतान अप्रैल-मई के पुराने वेतन के आधार पर होगा या जुलाई में लागू वार्षिक वेतन वृद्धि और बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अनुसार मिलेगा?
मामला यह है : छह महीने से अटके हैं भुगतान
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा के प्रदेश सचिव रवि आचार्य के मुताबिक अप्रैल-मई 2026 में आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) ने विभिन्न पे-लेवल के कार्मिकों के समर्पित अवकाश के नकद भुगतान के बिल तैयार कर कोषालय में भेजे थे। इनमें लेवल-11 से ऊपर के कार्मिकों के बिल कोषालय से पारित भी हो गए, लेकिन ECS के माध्यम से भुगतान नहीं हुआ।
ऐसे में लगभग छह महीने बीत जाने पर भी भुगतान नहीं मिलने से कार्मिक इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अब वित्त विभाग ने इन बिलों को रीप्रोसेस करने के निर्देश दिए हैं। जाहिर है कि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बजाय नई तकनीकी उलझन में फंस गई है।
पारित बिलों का क्या होगा?
शिक्षकों-कर्मचारियों में इस बात पर असमंजस है कि पुराने बिल निरस्त किए जाएंगे या उन्हीं में संशोधन कर दोबारा प्रक्रिया पूरी होगी। यदि पुराने बिल निरस्त नहीं किए जाते और नए बिल भी तैयार कर दिए जाते हैं तो एक ही भुगतान के लिए दो बार बिल पारित होने की स्थिति कैसे रोकी जाएगी?
कार्मिकों का कहना है कि पहले ऐसी स्थिति सामने नहीं आई कि कोषालय से पारित बिलों को दोबारा DDO स्तर पर रीप्रोसेस करने के निर्देश दिए गए हों।
केवल भुगतान में देरी का मसला नहीं :
गौरतलब है कि मसला केवल भुगतान में देरी तक सीमित नहीं है बल्कि भुगतान की गणना को लेकर भी है। पहले बिल अप्रैल-मई में तैयार किए गए हुए जो उस समय के वेतन के आधार पर बनाए गए थे। जुलाई में वार्षिक वेतन वृद्धि लागू हो चुकी है और महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में यदि पुराने बिलों को बिना संशोधन केवल रीप्रोसेस किया जाता है तो कार्मिकों को बढ़े हुए वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ नहीं मिल पाएगा। वहीं, यदि नए बिल बनाए जाने हैं तो भुगतान की गणना किस अवधि और किस वेतनमान के आधार पर होगी, यह स्पष्ट होना जरूरी है।
शिक्षक नेता रवि बोले- लेटलतीफी विभाग की, शिक्षक क्यों भुगतें :
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा के प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने कहा कि आदेश में पुराने पारित बिलों की स्थिति, उनके निरस्तीकरण और दोबारा पारितगी को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। यदि बिल रीप्रोसेस किए जाने हैं तो जुलाई की वेतन वृद्धि और बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ भी कार्मिकों को मिलना चाहिए।

