Rajasthan Municipal Election: राजस्थान में दो चरणों में निकाय चुनाव, 9 और 11 सितंबर को मतदान
Rudra News Express Jaipur- Bikaner.
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव 2026 का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही संबंधित शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि मतदान दो चरणों में कराया जाएगा।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होगी। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। प्रदेश में पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। 14 सितंबर को मतगणना कराई जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को बैठक आयोजित कर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एक नजर में पूरा चुनाव कार्यक्रम
लोक सूचना : 27 अगस्त, चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत
मतदान : 9 सितंबर, प्रथम चरण
मतदान : 11 सितंबर, द्वितीय चरण
मतगणना : 14 सितंबर, इसी दिन परिणाम जारी
अध्यक्ष चुनाव : 21 सितंबर|
उपाध्यक्ष चुनाव : 22 सितंबर
आचार संहिता लागू, तबादलों और नई घोषणाओं पर रोक :
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके तहत चुनाव से जुड़े क्षेत्रों में प्रशासनिक निर्णयों और नई विकास योजनाओं की घोषणाओं पर रोक रहेगी। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग के निर्देशों के अनुसार आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना होगा।
पार्षदों के चुनाव के बाद अध्यक्ष की बारी :
इस बार चुनाव कार्यक्रम में पार्षदों के निर्वाचन के बाद निकायों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी तय कर दी गई है। 14 सितंबर को मतगणना के बाद राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजर 21 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव पर रहेगी। अगले दिन 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
दो चरणों में मतदान के साथ अब प्रदेश के 309 निकायों में चुनावी मुकाबला तेज होगा। टिकट वितरण से लेकर प्रचार अभियान और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों तक, आने वाले दिनों में शहरों की राजनीति पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आएगी।

