Movie prime

Rajasthan Weather : अगले 15 दिन भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश

 
Rain in Rajasthan : अब तक पूर्वी राजस्थान में 50% ज्यादा, पश्चिम में 13% ज्यादा बारिश
बीकानेर सहित कई संभागों में 70 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

RNE Jaipur/Bikaner.

 

राजस्थान में मानसून पूर्व बारिश ने इस बार उम्मीद से ज्यादा दस्तक दी है। पिछले एक सप्ताह में प्रदेश में सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ताजा विस्तारित मौसम रिपोर्ट के अनुसार 12 से 18 जून के बीच राजस्थान में 15.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि इस अवधि की सामान्य वर्षा 11.4 मिमी मानी जाती है।

 

सबसे ज्यादा राहत पूर्वी राजस्थान को मिली, जहां 21.2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी 10.3 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 13 प्रतिशत ज्यादा है।

 

मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न मौसम प्रणालियों के असर से अगले दो सप्ताह भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विशेष रूप से 19 से 24 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 

बीकानेर संभाग में भी राहत, लेकिन आंधी का अनुमान

 

बीकानेर सहित पश्चिमी राजस्थान में पिछले सप्ताह कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही कहीं-कहीं तेज बारिश और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

हीटवेव गायब, तापमान में गिरावट

अच्छी बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। प्रदेश में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भी गर्मी से राहत बनी रहेगी।

दूसरे सप्ताह बारिश में कमी के संकेत : 

मौसम विभाग के अनुसार 26 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

किसानों के लिए राहत की खबर

लगातार हो रही बारिश और तापमान में गिरावट खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए अनुकूल मानी जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने किसानों को तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

FROM AROUND THE WEB