Movie prime

रांका ट्रस्ट को मिला ‘परोपकार पुरस्कार’, राज्यपाल कटारिया ने किया सम्मानित

 

RNE Bikaner - Chandigarh 

समाजसेवा, गौसेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे बीकानेर के रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट को पंजाब में बड़ा सम्मान मिला है। विश्व रेड क्रॉस दिवस पर चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने ट्रस्ट के प्रतिनिधि पवन महनोत और रमेश भाटी को “परोपकार पुरस्कार” देकर सम्मानित किया। समारोह में घनश्याम जाजड़ा भी मौजूद रहे।

सम्मान मिलने के बाद बीकानेर में सामाजिक संगठनों और नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ट्रस्ट के प्रतिनिधि पवन महनोत ने बताया कि ट्रस्ट के संरक्षक महावीर रांका के नेतृत्व में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, जीवदया, गौसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

कोरोना काल में निभाई बड़ी भूमिका : 

महनोत ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान ट्रस्ट ने हजारों जरूरतमंद परिवारों तक भोजन पैकेट और राशन किट पहुंचाई। लाखों मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट, ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही वैक्सीनेशन शिविर लगाकर लोगों को राहत पहुंचाई गई।

ट्रस्ट की ओर से ऑक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर और स्टीम वेपोराइजर जैसे स्वास्थ्य उपकरण भी उपलब्ध करवाए गए। गौशालाओं और गोचर भूमि में हरे चारे और सब्जियों की व्यवस्था कर पशुधन संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

महिला सशक्तिकरण,  पर्यावरण सेवा : 

ट्रस्ट द्वारा महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण देकर सिलाई मशीनें भेंट की जा रही हैं। इसके अलावा पौधरोपण, जल सेवा, मटकियों का वितरण, बालिका गृहों में सहयोग और गौसेवा जैसे कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB