RudraNewsExpress_Logo

शिक्षकों के बढ़ते कार्यभार और आवागमन व्यय को देखते हुए मानदेय की दरों का हो पुनर्निर्धारण

 

RNE Bikaner

बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर द्वारा आयोजित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं में शिक्षकों को दिए जाने वाले मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने की मांग उठाई है। 
इस संबंध में महासंघ के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बोर्ड अध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर प्रायोगिक परीक्षाओं में वीक्षण एवं परीक्षक कार्य तथा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन (कॉपी जांच) की दरों में वृद्धि करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। शिक्षक पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ प्रायोगिक परीक्षाओं के संचालन, वीक्षण, पर्यवेक्षण तथा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन जैसे अतिरिक्त दायित्वों का निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद इन कार्यों के लिए निर्धारित मानदेय कई वर्षों से पुरानी दरों पर ही दिया जा रहा है।
महासंघ ने ध्यान आकर्षित किया कि बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों से ली जाने वाली परीक्षा फीस में समय-समय पर वृद्धि की गई है, जबकि परीक्षा संबंधी अतिरिक्त जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले शिक्षकों के पारिश्रमिक में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। वर्तमान में आवागमन व्यय, समय और कार्यभार में लगातार बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में निर्धारित मानदेय वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है।
महासंघ के प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने बताया कि ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रायोगिक परीक्षाओं में वीक्षण एवं परीक्षक कार्य के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए प्रति कॉपी निर्धारित दर बढ़ाने, मूल्यांकन कार्य में परीक्षकों को मिलने वाले पारिश्रमिक एवं अन्य भत्तों की दरों का समय-समय पर पुनरीक्षण करने तथा मानदेय का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने की मांग रखी है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बिश्नोई ने कहा कि बोर्ड प्रशासन शिक्षकों के श्रम, समय और योगदान को उचित सम्मान देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा सत्र से मानदेय में न्यायसंगत वृद्धि के लिए सकारात्मक निर्णय करे

FROM AROUND THE WEB