अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
RNE Bikaner
बीकानेर, जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने गुरुवार को पर्यटक स्वागत केन्द्र एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम के होटल ढोलामारू का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की तैयारियों तथा पर्यटन सीजन के दौरान बीकानेर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने कहा कि ऊंट उत्सव बीकानेर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके माध्यम से बीकानेर की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, कला और ऊंट पालन की विशिष्ट विरासत को देशी-विदेशी पर्यटकों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने उत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य आयोजन करने तथा सभी व्यवस्थाएं आकर्षक और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पर्यटकों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जिला कलक्टर ने होटल ढोलामारू परिसर में उपलब्ध आवासीय एवं अन्य पर्यटक सुविधाओं का अवलोकन किया तथा पर्यटकों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने होटल परिसर में साफ-सफाई, आवश्यक व्यवस्थाएं एवं आतिथ्य सत्कार का स्तर बेहतर बनाए रखने तथा पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि पर्यटन सीजन और कैमल फेस्टिवल के दौरान बीकानेर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं एवं सुखद पर्यटन अनुभव मिले, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समयबद्ध रूप से आवश्यक तैयारियां पूरी करें।
इस दौरान पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार सहित पवन शर्मा, योगेश राय, नेहा शेखावत आदि मौजूद रहे।

