Rohit Godara Gang का गुर्गा शिवराज सिंह गिरफ्तार, जुगल सोनी, सुखदेव चायल केस में कर रही पूछताछ!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के एक और खतरनाक गुर्गे शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी को व्यापारी सुखदेव चायल से रंगदारी मांगने की घटना से जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही व्यवसायी जुगल सोनी से रंगदारी मामले का कनेक्शन भी पूछताछ के केंद्र में हैं। पुलिस ने इससे पहले विष्णु साध को गिरफ्तार किया था।
गैंगस्टर रोहित गोदारा के नेटवर्क से जुड़े आरोपी शिवराज सिंह को बीकानेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर व्यापारी सुखदेव चायल से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और 7 जून 2023 को उनके घर पर फायरिंग करवाने के मामले में संलिप्तता का आरोप है। इस मामले में शिवराज का नाम सामने आया था।
कैसा मुकदमा, किस गैंगस्टर से कनेक्शन :
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि सुखदेव चायल से फिरौती मांगने और फायरिंग के मामले में गैंगस्टर रोहित गोदारा भी आरोपी था। इसी प्रकरण में शिवराज सिंह का नाम भी सामने आया था। आरोपी की गिरफ्तारी मुकदमा नंबर 278/2025 में हुई है। इस मामले में विष्णु साध को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब शिवराज को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वारदातों की जानकारी जुटाई जा सके।
यूं हुई गिरफ्तारी :
बीकानेर पुलिस की 18 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस के निर्देश पर संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व तथा सीओ सिटी अनुज डाल की सुपरविजन में कोटगेट थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी।
गैंग बनाकर करता है वसूली :
थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर वांछित आरोपी शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र 36 वर्ष है। वह मूल रूप से तोलियासर गांव, थाना मंडावा, जिला झुंझुनूं का निवासी है। वर्तमान में बीकानेर के तिलक नगर में किराये पर रह रहा था। उसके खिलाफ बीकानेर के अलावा राजस्थान के अन्य जिलों में भी गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। उस पर गैंग बनाकर रंगदारी वसूलने, फायरिंग करने, डराने और धमकाने जैसे संगठित अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
ज्वेलर जुगल सोनी से फिरौती के मामले में भी पूछताछ :
शिवराज सिंह से बीकानेर के ज्वेलर जुगल सोनी को 5 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए मिली धमकी के मामले में भी पूछताछ की जाएगी। सीओ सिटी अनुज डाल के अनुसार, इस प्रकरण में पुलिस ने दो व्यक्तियों को राउंडअप किया था। इनमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई।
पुलिस इस मामले में राजस्थान सहित दूसरे राज्यों में सक्रिय उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जिनकी भूमिका सामने आ रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मिलकर कड़ियां जोड़ते हुए जांच कर रहे हैं।
पुलिस की युवाओं को नसीहत :
सीओ सिटी अनुज डाल ने संगठित अपराध से जुड़ने वाले युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब शिवराज सिंह से पूछताछ के जरिए रोहित गोदारा गैंग के नेटवर्क, रंगदारी के मामलों और बीकानेर में हुई आपराधिक वारदातों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

