Sapt Shakti Kaman: जीओसी-इन-लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने महाजन रेंज में सैन्य अभ्यास देखा
Rudra News Express Bikaner-Jaipur.
पश्चिमी सीमा से सटे बीकानेर जिले की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुक्रवार को भारतीय सेना की युद्ध तैयारियों का उच्चस्तरीय आकलन किया गया। सप्त शक्ति कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने महाजन रेंज, सादोलाई डेजर्ट बैटल स्कूल और बीकानेर स्थित 24 रैपिड रणबांकुरा डिवीजन का दौरा कर सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण और परिचालन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

लेफ्टिनेंट जनरल मल्होत्रा ने महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में चल रहे युद्धाभ्यास और विभिन्न सैन्य गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेगिस्तानी युद्ध संचालन के लिए देश के प्रमुख प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल सादोलाई डेजर्ट बैटल स्कूल में सैनिकों को दिए जा रहे विशेष प्रशिक्षण का भी जायजा लिया।
दौरे के दौरान सेना कमांडर ने बीकानेर स्थित 24 रैपिड रणबांकुरा डिवीजन के अधिकारियों और जवानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक युद्ध की चुनौतियों को देखते हुए निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और मिशन-आधारित तैयारी ही सेना की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने जवानों के अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि उच्च स्तर की परिचालन तैयारियां बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सेना कमांडर ने सभी सैन्य इकाइयों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए

