Movie prime

Sonu Memorial Cricket : हाई-वोल्टेज मुकाबले में महेश्वरी स्पोर्ट्स ने "लगान-11" को 5 विकेट से हराया 

 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर के गणेश फील्ड में आयोजित सोनू मेमोरियल कप (सुपर थ्री) में महेश्वरी स्पोर्ट्स ने लगान-11 को 5 विकेट से हराया। अधिवक्ता गिरिराज व्यास ने ऑलराउंड प्रदर्शन कर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।

गणेश फील्ड में स्वर्गीय सोनू की स्मृति में आयोजित प्रतिष्ठित 'सोनू मेमोरियल कप (सुपर थ्री)' क्रिकेट प्रतियोगिता का मुकाबला रोमांच, खेलभावना और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। हाई-वोल्टेज मुकाबले में महेश्वरी स्पोर्ट्स ने लगान-11 को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा, यह टूर्नामेंट केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वर्गीय सोनू जी को खेल के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक भावपूर्ण आयोजन बना, जिसमें खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया।

लगान-11 ने बनाया 173 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर : 

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लगान-11 ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। टीम की ओर से विकास आचार्य ने 23 गेंदों में 43 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं रामनिवास डूडी ने 34 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

महेश्वरी स्पोर्ट्स ने 4 गेंद शेष रहते जीता मैच : 

174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महेश्वरी स्पोर्ट्स ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 177 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गिरिराज व्यास बने जीत के हीरो : 

मैच के सबसे बड़े नायक अधिवक्ता गिरिराज व्यास रहे। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गेंदबाजी में 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके वहीं बल्लेबाजी करते हुए  27 गेंदों में 40 रन बनाए जिसमें 4 शानदार छक्के शामिल रहे।

इसके अलावा निखिल शर्मा, गणेश करनानी, राजेश पेड़ीवाल और हर्षित मिमानी ने भी अच्छी पारियां खेलकर जीत में योगदान दिया।

खेलभावना के साथ दी गई श्रद्धांजलि : 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतीक स्वामी ने स्वर्गीय सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और प्रेरित करने का माध्यम भी है। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के खेलभावना से भरे प्रदर्शन की सराहना की।

मैच में गोपाल कृष्ण जोशी 'टीडेजा' ने प्रभावी अंपायरिंग की, जिसकी खिलाड़ियों और दर्शकों ने सराहना की। मुकाबले के बाद महेश्वरी स्पोर्ट्स के कप्तान पवन डागा और लगान-11 के कप्तान उत्तम कुमार ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

FROM AROUND THE WEB