Bikaner Jail में सूरतगढ़ के बंदी ने फांसी लगाई, दो दिन पहले साथी कैदी पर किया था हमला, अलग सेल में रखा गया था
RNE Bikaner.
बीकानेर सेंट्रल जेल में शनिवार तड़के एक विचाराधीन बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ निवासी दीपक कुमार ने जेल परिसर में अपनी पृथक सेल में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक बंदी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही थी। सुरक्षा कारणों से उसे अन्य कैदियों से अलग एक विशेष सेल में रखा गया था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसने एक साथी बंदी पर जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद निगरानी बढ़ाते हुए उसे पृथक बैरक में शिफ्ट किया गया था।

सुबह गश्त के दौरान हुआ खुलासा :
शनिवार सुबह करीब चार बजे जेल प्रहरियों की नियमित गश्त और बैरकों के निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार अपनी सेल में फंदे पर लटका मिला। प्रहरियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सा दल को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने बंदी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जेल प्रशासन में मचा हड़कंप :
घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आत्महत्या की घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

मजिस्ट्रियल जांच की भी संभावना :
नियमानुसार जेल में बंदी की मौत के मामलों में पुलिस जांच के साथ मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जाती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। आत्महत्या के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जेल प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।

