शिक्षक संघ शेखावत : जिला अधिवेशन, नई कार्यकारिणी और तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण- TET के मुद्दे पर प्रदर्शन
RNE Bikaner.
राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) जिला शाखा बीकानेर का विशेष वार्षिक अधिवेशन रविवार को पंचशती सर्किल स्थित लॉयंस क्लब सभागार में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया और शिक्षा, शिक्षक एवं कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए।
शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा :
अधिवेशन के प्रथम सत्र में तृतीय श्रेणी शिक्षक स्थानांतरण, पदोन्नति, टीईटी (TET), पे-प्रोटेक्शन, संविदा कार्मिकों के नियमितीकरण तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों ने इन मांगों के संबंध में राज्य सरकार को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया तथा मांगों के समाधान नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन चलाने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ कर्मचारी नेता सोहनलाल गोदारा ने शिक्षा और शिक्षक हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की मांग उठाई।
अधिवेशन की अध्यक्षता कर रहे शिक्षक नेता आदूराम मेघवाल ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ भेदभावपूर्ण रवैये की आलोचना करते हुए उनके स्थानांतरण शीघ्र खोलने की मांग की। वहीं शिक्षक नेता शिवशंकर गोदारा ने लंबित पदोन्नतियों और नव क्रमोन्नत विद्यालयों में पद सृजन की आवश्यकता पर जोर दिया। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रदेशाध्यक्ष के.आर. सियाग ने अनुभवी शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग करते हुए कहा कि वर्षों की सेवा देने वाले शिक्षकों के अनुभव का सम्मान किया जाना चाहिए।
ये है नई जिला कार्यकारिणी :
अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी बालाराम मेघवाल और पर्यवेक्षक सोहनलाल गोदारा की देखरेख में वर्ष 2026-27 के लिए नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। नई कार्यकारिणी में महेन्द्रपाल भंवरिया जिलाध्यक्ष, हेमेंद्र कुमार बाना जिला मंत्री, राजेश तर्ड सभाध्यक्ष, राजूराम सोलंकी संयोजक, संघर्ष समिति और गणेश चौधरी कोषाध्यक्ष बने। निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई गई।

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन :
अधिवेशन के बाद सैकड़ों शिक्षकों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तृतीय श्रेणी अध्यापक संवर्ग के स्थानांतरण शीघ्र खोलने तथा अनुभवी शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग की गई। शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक से भी मुलाकात कर विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता जताई।
ये रहे मौजूद :
अधिवेशन में वरिष्ठ शिक्षक नेता भंवरलाल पोटलिया, सीताराम सिद्ध, सोहनलाल कूकना, हरिराम साहू, मोहम्मद हारून कुरैशी, जसविंदर सिंह, कानाराम मांझू, भरतराम सिद्धू, दानाराम डेलू, कैलाश चौधरी, लियाकत अली, जगदीश नाई, प्रदीप कुमार बिजारणियां, देवकिशन जाखड़, इलमुद्दीन खिलजी, महिपाल सिंह राठौड़, अरुण बारूपाल, कौशल्या चौधरी, उमा अग्रवाल, पुष्पा जांगिड़, सुनीता चौधरी, मीनाक्षी सांखला, हेमलता गहलोत आदि ने भाग लिया।

