Terapanth News : रतन लाल छलाणी को TPF की कमान, राकेश चौरड़िया आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर के कन्वीनर
Rudra News Express Bikaner.
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) बीकानेर की कमान एक बार फिर रतन लाल छलाणी को सौंपी गई है। लाडनूं में आचार्य श्री महाश्रमण जी के सान्निध्य में आयोजित TPF के 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन से पहले नवमनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्प जैन पटावरी ने सत्र 2026-27 के लिए रतन लाल छलाणी को पुनः अध्यक्ष मनोनीत किया।
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम का वार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन 21 से 23 अगस्त 2026 तक लाडनूं में आयोजित हुआ। अधिवेशन में देशभर से 650 से अधिक प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। समापन सत्र से पूर्व संगठन की नई कार्यकारिणी और विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्प जैन पटावरी ने रतन लाल छलाणी को लगातार दूसरी बार TPF बीकानेर का अध्यक्ष मनोनीत किया। वहीं राकेश चौरड़िया को आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर का कन्वीनर नियुक्त किया गया।
नियुक्ति की सूचना गंगाशहर पहुंचते ही तेरापंथ समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। TPF, तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद और अणुव्रत समिति सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने दोनों को बधाई दी।
शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के लिए मिला सम्मान :
TPF बीकानेर के मंत्री अजीत संचेती ने बताया कि लाडनूं में आयोजित 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से 650 से अधिक प्रोफेशनल्स शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान शिक्षा एवं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर शुरू करने और भव्य भिक्षु भजन संध्या के आयोजन के लिए TPF बीकानेर को सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय अधिवेशन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रोफेशनल्स को प्रशिक्षण भी दिया गया।
सूर्यप्रकाश सामसुखा को 'TPF गौरव' अलंकरण :
अधिवेशन में बीकानेर के गंगाशहर निवासी, उपासक श्रेणी के राष्ट्रीय संयोजक एवं समाजसेवी सूर्यप्रकाश सामसुखा को भी विशेष सम्मान मिला। उन्हें उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान के लिए 'TPF गौरव' अलंकरण प्रदान किया गया। राष्ट्रीय मंच पर बीकानेर TPF को मिले सम्मान और स्थानीय पदाधिकारियों की नियुक्ति को समाज के लोगों ने गौरव का विषय बताया।

