बीकानेर में परंपरा और श्रद्धा के साथ निकली श्री रघुनाथ जी महाराज की भव्य बासी जवारी यात्रा
RNE Bikaner
बीकानेर। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व के दूसरे दिन बीकानेर में वर्षों पुरानी धार्मिक एवं पारंपरिक परंपरा के तहत श्री श्री रघुनाथ जी महाराज की भव्य बासी जवारी यात्रा निकाली जाती है। यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम होती है। तुलसी विवाह के पश्चात भगवान श्री रघुनाथ जी महाराज सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं।
यह भव्य यात्रा सायं 5:30 बजे सेठ बद्री दास सादानी के निवास स्थान 'बद्रीधाम', मोहता का चौक, सादानी की गली से प्रारंभ होती है। लगभग 12 घंटे तक चलने वाली यह यात्रा अगले दिन प्रातः 6 बजे पुनः अपने निज निवास स्थान पहुंचती है।
यात्रा के दौरान भगवान श्री रघुनाथ जी महाराज बीकानेर के पारंपरिक एवं ऐतिहासिक मोहल्लों से होकर गुजरते हैं। इस दौरान मोहता चौक, नाइयों की गली, भट्टड़ों का चौक, रत्ताणी चौक, नथाणी सराय, बेनीसर बारी, सेवगों का चौक, रंगों की गली, छंगाणी घाटी, झंवरों का चौक, नत्थूसर गेट, साले की होली, दम्माणी चौक, छोटा गोपाल जी, व्यासों का चौक, बिन्नाणी चौक, तेलीवाड़ा, लखोटिया चौक, डागा चौक, बिस्सों का चौक एवं दुजारी गली सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान का पुष्प वर्षा, आरती एवं प्रसाद के साथ भव्य स्वागत-अभिनंदन किया जाता है।
इस अवसर पर पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग जाता है। जगह-जगह दीप, आरती और जयकारों के बीच श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि बीकानेर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक परंपरा और आपसी सौहार्द का भी प्रतीक है।
बताया जाता है कि इस अद्भुत परंपरा का निर्वहन सेठ गोविंद दास जी सादानी के समय से निरंतर किया जा रहा है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही इस परंपरा को आज भी उसी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।
इस धार्मिक आयोजन को सुचारू एवं भव्य रूप से संपन्न करवाने हेतु गोपाल दास सादानी सपत्नीक विमला सादानी, भ्राता भगवान सादानी सपत्नीक शोभा सादानी के साथ बीकानेर उपस्थित रहे। आयोजन में आचार्य कविंद्र जी, उनकी पत्नी सुनीता एवं पंडित सूरज देरासर परिवार का विशेष सहयोग रहा।
बीकानेर की इस अनूठी धार्मिक परंपरा में भक्ति के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान और विरासत के दर्शन होते हैं।

