Movie prime

बीकानेर में 19 जुलाई को निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, शहरभर में होगा पुष्पवर्षा से स्वागत

 

RNE Bikaner.

अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) बीकानेर के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन रविवार, 19 जुलाई को किया जाएगा। यह भव्य आध्यात्मिक यात्रा सायं 4:00 बजे नाथूसर गेट से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अग्रसेन भवन, गोगा गेट पर संपन्न होगी। रथ यात्रा को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

स्थानीय इस्कॉन सेंटर के संचालक संकर्षण प्रभुजी ने बताया कि रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के दिव्य एवं आकर्षक रूप से सुसज्जित विग्रहों को भव्य रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। पूरे मार्ग में भक्तजन "हरे कृष्ण" महामंत्र का संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं नृत्य करते हुए प्रभु का गुणगान करेंगे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि रथ यात्रा का निर्धारित मार्ग नाथूसर गेट, मोहता चौक, दाऊजी रोड, जगन्नाथ मंदिर, लेडी एल्गिन स्कूल, बड़ा बाजार, गोगा गेट सर्कल होते हुए अग्रसेन भवन, गोगा गेट तक रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्था के लिए इस्कॉन के स्वयंसेवक विभिन्न स्थानों पर सेवाएं देंगे।

रथ यात्रा की विशेष आकर्षणों में पूरे मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भगवान श्री जगन्नाथ का स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत मंच लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु भगवान के रथ का अभिनंदन करेंगे। यात्रा के दौरान इस्कॉन के भक्त मृदंग, करताल और अन्य वाद्ययंत्रों के साथ हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ेंगे तथा प्रभु के भजनों पर भक्त नृत्य करते हुए वातावरण को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।

रथ यात्रा के समापन पर अग्रसेन भवन, गोगा गेट में भव्य भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। आयोजन समिति ने शहरवासियों के लिए विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की है।

इस्कॉन बीकानेर ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों सहित इस भव्य रथ यात्रा में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करें तथा हरिनाम संकीर्तन में भाग लेकर इस आध्यात्मिक उत्सव को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

FROM AROUND THE WEB