Movie prime

Bikaner के PBM अस्पताल की व्यवस्था पर कांग्रेस द्वारा गठित निगरानी समिति ने 10 सूत्रीय मांगों पर की अधीक्षक से समीक्षा वार्ता

 

RNE, BIKANER.

जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में जिला कांग्रेस द्वारा गठित निगरानी समिति ने पीबीएम अस्पताल की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया के साथ समीक्षा बैठक की।
ज्ञातव्य है कि पीबीएम सुधारो जनआंदोलन के तहत 30 जून को हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में एक संयुक्त निगरानी कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया था।
आज उसी कमेटी के साथ पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक से विभिन्न जनहित के विषयों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
 इस अवसर पर सियाग ने कहा कि हमारा उद्देश्य पीबीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना, मरीजों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा आमजन की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।

 बैठक में अस्पताल अधीक्षक व समिति के मध्य सीएम मूंधड़ा मेडिसिन विंग एवं जनाना (गायनिक) विंग को शुरू करने, अस्पताल में हुए कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, सफाई व्यवस्था में सुधार, जीवनरक्षक दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता, सीटी स्कैन, एमआरआई सहित सभी जांच सुविधाओं को नियमित रूप से संचालित करने, बंद पड़े चिकित्सा उपकरणों को शीघ्र चालू कराने, चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, चिकित्सकीय लापरवाही से प्रभावित प्रसूता महिलाओं के मामलों की निष्पक्ष जांच तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटनाओं इत्यादि पर की गई कार्यवाही की प्रगति  सम्बन्धी विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने समिति को सभी 10 बिंदुओं पर अब तक हुई कार्रवाई एवं प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया।

जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि बैठक में जिला अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष सत्तू खां पड़िहार, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, निरमा मेघवाल, ओमप्रकाश मेघवाल, आनंदसिंह सोढ़ा, कमल गोयल सहित निगरानी समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

FROM AROUND THE WEB