पंजाब के फरीदकोट में 26 से 29 नवंबर तक आयोजित होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, चारों खिलाड़ी करेंगी राजस्थान का प्रतिनिधित्व
RNE Bikaner
बीकानेर। बीकानेर जिला कबड्डी संघ के सचिव जितेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पंजाब के फरीदकोट में 26 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए बीकानेर जिले की चार प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चारों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
बीकानेर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राजस्थान टीम में चयनित खिलाड़ियों में आईना सायच पुत्री शंकर लाल सायच, लखावर (लूणकरणसर), मोनिका छरंग पुत्री मेघराज छरंग, रीड़ी (श्रीडूंगरगढ़), खुशबू जोशी पुत्री हनुमान प्रसाद जोशी, बाड़ेला (श्रीडूंगरगढ़) तथा ममता जाखड़ पुत्री मुनिराम जाखड़, रीड़ी (श्रीडूंगरगढ़) शामिल हैं।
बीकानेर जिला टीम के कोच हेतराम जाखड़ एवं दलीप सिंह राठौड़ के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात चयनित खिलाड़ियों के लिए जयपुर में दस दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने बेहतर अभ्यास एवं प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
बीकानेर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेंद्र कुमार व्यास ने बताया कि जिले में पहली बार राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जयपुर में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसी शिविर से बीकानेर की चारों बालिकाओं का राजस्थान टीम के लिए चयन होना जिले के लिए गौरव का विषय है।
इस शानदार उपलब्धि पर बीकानेर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़, आयोजन समिति के अध्यक्ष राजपाल कुल्हरी, जिला कबड्डी संघ के संरक्षक दानवीर सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष दिलकांत सिंह माचरा, उपाध्यक्ष सुरेश व्यास, ऋषिमोहन जोशी, भैरुरतन सारस्वत एवं सीताराम सियाग, जितेन्द्र सिंह राठौड़ (खाजूवाला), लालचन्द जाखड़, कबड्डी कोच भगीरथ गोदारा, भिराज लेघा, रेखाराम भाम्भू, हेतराम जाखड़ एवं पूर्णनाथ सहित संघ के समस्त पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम मैनेजर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बीकानेर की बेटियों ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन, मेहनत, अनुशासन एवं संघर्षशीलता के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह उपलब्धि न केवल बीकानेर जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की बालिका खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

