रस्सी से बांधकर ले जा रहे थे पुलिस की गाड़ी, रस्सी टूटी.. और हो गया इतना बड़ा कांड!
RNE Bihar.
बिहार के शिवहर जिले में पुलिस की खराब गाड़ी को रस्सी से बांधकर टोचन के जरिए ले जाना महंगा पड़ गया। रास्ते में रस्सी टूटने से अनियंत्रित हुई थाना वाहन सामने से आ रहे ऑटो से जा टकराई, जिससे ऑटो में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :
जानकारी के अनुसार तरियानी छपरा थाना की खराब गाड़ी को शिवहर से टोचन कर ले जाया जा रहा था। शिवहर–मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर खाजेपुर पुल के पास अचानक टोचन की रस्सी टूट गई। रस्सी टूटते ही पीछे चल रही थाना वाहन बेकाबू हो गई और सामने से आ रहे ऑटो से भिड़ गई।

हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही तरियानी और तरियानी छपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को शिवहर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। घायलों में पांच लोग पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि एक घायल हिरम्मा थाना क्षेत्र के निमाही गांव का रहने वाला है।

तरियानी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टोचन के दौरान रस्सी का टूटना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


