Movie prime

बीकानेर जलदाय विभाग में 3 साल से खाली मुख्य लेखाधिकारी का पद, कर्मचारियों को जयपुर के लगाने पड़ रहे चक्कर
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर। जलदाय विभाग के बीकानेर संभाग में मुख्य लेखाधिकारी (सीएओ) का पद पिछले तीन वर्षों से रिक्त होने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों को अपने वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए बार-बार जयपुर मुख्यालय जाना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है।

अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के तकनीकी प्रदेशाध्यक्ष रमेश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि अति मुख्य अभियंता कार्यालय, बीकानेर में मुख्य लेखाधिकारी का पद लंबे समय से खाली है। इसके चलते कर्मचारियों के कई जरूरी मामलों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है।

महासंघ ने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि वर्तमान स्थानांतरण छूट का लाभ उठाते हुए बीकानेर संभाग में मुख्य लेखाधिकारी की शीघ्र नियुक्ति की जाए। यदि तत्काल नियुक्ति संभव नहीं हो तो किसी अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार सौंपकर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

महासंघ ने कहा कि लंबे समय से पद रिक्त रहने से कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो विभागीय कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों की समस्याएं भी बढ़ेंगी। संघ ने सरकार से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है

FROM AROUND THE WEB