Movie prime

बीकानेर की इस महिला की पीएम मोदी से खास मुलाकात, जानिए क्या हुई बात!

पति अर्जुनराम के साथ पीएम मोदी से मिली पाना देवी, दिया खास तोहफा
 

RNE New Delhi.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से एक खास मुलाकात देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई। खासतौर पर बीकानेरवासी इस मुलाकात की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल यह मुलाकात केन्द्रीय मंत्री एवं बीकानेर के सांसद अर्जुनराम मेघवाल की पीएम मोदी से भेंट थी। पीएम मोदी से अर्जुनराम की भेंट सामान्य है और बतौर संसदीय कार्यमंत्री वे सदन में पीएम के साथ तब भी होते हैं जब मोदी प्रेस ब्रीफिंग करते हैं।

ऐसे में यह मुलाकात खास इसलिए क्योंकि इस मुलाकात में उनके साथ पत्नी पाना देवी भी मौजूद रही। केन्द्रीय मंत्री की पत्नी होने के बावजूद पानादेवी राजनीतिक रूप से आमतौर पर सक्रिय नहीं रहती। अलबत्ता उन्हें एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट के जरिए वे ने केवल सामूहिक विवाह करवाती हैं वरन लड़कियों को शिक्षित करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

ऐसे में मंत्री पति पति के साथ मोदी से उनकी मुलाकात अनौपचारिक होने के साथ ही खास सन्देश देने वाली है। इस मुलाकात में पानादेवी ने पीएम मोदी को कुछ आइटम भेंट किए। आर्टीफिशियल मोतियों से बने ये आइटम ऐसे हैं जिन्हें खुद पानादेवी ने अपने हाथ से बनाया। पीएम मोदी इस हस्तशिल्प को देख प्रभावित हुए। तारीफ की। इस दौरान मंत्री मेघवाल ने अपनी वैवाहिक जीवन यात्रा पर केंद्रित पुस्तक "एक सफर हमसफर के साथ" पीएम मोदी को भेंट की। इस पुस्तक में मंत्री मेघवाल ने अपने जीवन की उपलब्धियों में पत्नी पानादेवी के विशेष योगदान का उल्लेख किया है।

दरअसल पानादेवी ऐसी हस्तशिल्पी हैं जो बचपन से अपने इस कौशल के कारण परिवार की धुरी बनी। खुद मंत्री मेघवाल ने अपनी बायोग्राफी में बताया कि जब हायर स्कूल में पढ़ते वक्त स्पोर्ट्स फीस की जरूरत थी तब पत्नी पानादेवी ने अपने हाथ से मोती के गहने बनाए। उन्हें बाजार जाकर बेचा। पैसे जुटाए और फीस भरी।

गौरतलब है कि पानादेवी समूचे संसदीय क्षेत्र में इस बात के लिए भी विख्यात हैं कि वे घर आने वाले मेहमानों की पूरे आत्मीय भाव से आवभगत करती हैं। चाहे ये मेहमान VIP हो, पार्टी कार्यकर्ता हो या संसदीय क्षेत्र के निवासी। इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता। आमतौर पर सभी को  खुद खाना बनाकर खिलाती हैं।

जो घर देश की राजनीति के केन्द्र में रहने वाले घर की महिला मुखिया राजनीतिक चर्चा से सदैव दूर रहती हैं। ऐसे में पीएम मोदी से उनकी खास मुलाकात काफी सुकूनभरी लगती हैं। अलबत्ता हर बात में सियासत ढूंढ़ने वाले इस मुलाकात के भी खास मायनों की तलाश कर रहे हैं। हो सकता है आने वाले समय में इस भेंट के कोई अलग मायने भी निकले।

FROM AROUND THE WEB