RudraNewsExpress_Logo

कड़ा मुकाबला : मंत्री अर्जुनराम के वार्ड में 32 वोट से जीती बीजेपी, पांच वार्ड ऐसे जहां हर वोट जीत-हार का गवाह

 

 

 

Rudra News Express, Bikaner

लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि कभी हजारों वोटों की बढ़त इतिहास बना देती है, तो कभी कुछ दर्जन वोट पूरी सियासत पलट देते हैं। बीकानेर नगर निगम चुनाव में जहां कुछ प्रत्याशियों ने हजारों वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर अपना दबदबा दिखाया, वहीं पांच ऐसे वार्ड भी रहे जहां मतगणना की हर राउंड के साथ सांसें अटकी रहीं। यहां जीत का फैसला 23, 26, 32, 60 और 64 वोट जैसे बेहद मामूली अंतर से हुआ। यानी इन वार्डों में कुछ परिवारों या एक मोहल्ले की वोटिंग भी नतीजा बदल सकती थी।

23 वोट ने लिख दी अन्नपूर्णा की जीत : 

सबसे रोमांचक मुकाबला वार्ड 56 में देखने को मिला। कांग्रेस की अन्नपूर्णा ने महज 23 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। यह पूरे नगर निगम चुनाव का सबसे कड़ा मुकाबला साबित हुआ, जहां हर वोट निर्णायक बन गया। उन्होंने बीजेपी की कमल देवी को हराया। 

पवन कुमार की 26 वोट की सांस रोक देने वाली जीत : 

वार्ड 54 में कांग्रेस के पवन कुमार ने 26 वोट के बेहद मामूली अंतर से बाजी मार ली। यहां आखिरी दौर तक मुकाबला बराबरी का बना रहा और मतगणना खत्म होने के बाद ही विजेता का फैसला हो सका। इन्होंने निर्दलीय तरुण कुमार यादव को हराया। 

32 वोट ने भाजपा के संदीप गहलोत को दिलाई राहत : 

भाजपा के संदीप गहलोत ने वार्ड 6 में सिर्फ 32 वोट से जीत हासिल की। यह उन मुकाबलों में रहा जहां दोनों खेमे आखिरी क्षण तक जीत का दावा करते रहे। उन्होंने निर्दलीय दीपक कुमार को हराया। गौरतलब है कि यह केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का वार्ड है। वे यही वोटिंग करते हैं। 

60 वोट पर थमा फैसला :

वार्ड 71 में भाजपा के जगदीश ने 60 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। यह अंतर थोड़ा बड़ा जरूर दिखता है, लेकिन चुनावी लिहाज से इसे भी बेहद कांटे का मुकाबला माना जाता है। उन्होंने कांग्रेस के नरेश कुमार नायक को हराया। 

 प्रकाश ने 64 वोट से बचाई बाजी : 

वार्ड 43 में भाजपा के प्रकाश ने 64 वोट से जीत हासिल की। यह बीकानेर के पांच सबसे करीबी मुकाबलों में शामिल रहा, जहां कुछ बूथों की वोटिंग पूरे नतीजे को उलट सकती थी। उन्होंने कांग्रेस के विनय को हराया।

FROM AROUND THE WEB