Train Accident: ट्रेन में आग की अफवाह, यात्री हड़बड़ाहट में उतरे, पास से गुजरती ट्रेन से 05 कट गए
RNE Bikaner.
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को हुए दर्दनाक रेल हादसे में बीकानेर की एक महिला समेत 05 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह फैलने पर घबराए यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए और दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए।
उदयपुर- खजुराहो ट्रेन से कूदे, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए:
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर चेन पुलिंग के कारण रविवार शाम करीब 4:15 बजे बीच सेक्शन में रुक गई थी। इसी दौरान आग लगने की अफवाह से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए। तभी सामने से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से इन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बीकानेर की बीरमा देवी की गई जान :
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में बीकानेर जिले के घेसूरा गांव निवासी बीरमा देवी भी शामिल हैं। परिजनों के अनुसार बीरमा देवी कुछ दिन पहले अपने पीहर रघुनाथपुरा गई थीं और वहां से रिश्तेदारों के साथ तीर्थ यात्रा पर निकली थीं। यात्रा के दौरान मुरैना में यह हादसा हो गया।
पति की पहले ही हो चुकी थी मौत :
बीरमा देवी के पति गिरधारी गुसाईं का करीब 15 वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। पति की मौत के बाद उन्होंने अकेले संघर्ष कर परिवार का पालन-पोषण किया। उनके चार बेटियां हैं और कोई पुत्र नहीं है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अन्य मृतकों में तीन महिलाएं और एक मासूम:
रेलवे सूत्रों के अनुसार हादसे में मेरठ और आगरा की तीन महिला यात्रियों तथा एक चार वर्षीय बच्चे की भी मौत हुई है। मृतकों की पहचान कंचन सिंह (25) निवासी मेरठ, शकुंतला सिंह (60) निवासी आगरा, आफरीन (35) निवासी आगरा तथा उनके चार वर्षीय पुत्र असद के रूप में हुई है।

