बीकानेर की दो नाबालिग बहिनों से जोधपुर में दरिंदगी: झांसा देकर जोधपुर ले गई युवती, होटल में दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म
Rudra News Express Bikaner-Jodhpur.
बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र की दो नाबालिग बहनों को परिचित युवती द्वारा जोधपुर ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म करवाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती दोनों किशोरियों को घुमाने, ननिहाल छोड़ने और कपड़ों की सेल में खरीदारी कराने का झांसा देकर जोधपुर ले गई। वहां एक होटल में पहले से बुलाए गए तीन युवकों ने दोनों के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आपत्तिजनक वीडियो बनाने और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।
मामले में जोधपुर के महामंदिर थाने में जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में क्षेत्राधिकार के चलते नोखा थाने भेजा गया। पुलिस ने नामजद युवती और अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
19 जुलाई को जोधपुर ले गई थी युवती :
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 19 जुलाई को परिचित युवती दोनों बहनों को अपने साथ जोधपुर ले गई। दोनों किशोरियों की उम्र 14 और 15 वर्ष बताई गई है। आरोप है कि युवती ने उन्हें ननिहाल छोड़ने और कपड़ों की सेल में खरीदारी कराने की बात कहकर ट्रेन से जोधपुर पहुंचाया।
जोधपुर पहुंचने के बाद उन्हें पावटा सी रोड स्थित एक होटल में ले जाया गया। आरोप है कि वहां युवती ने अपने तीन परिचित युवकों को पहले से बुला रखा था।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप :
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि होटल के कमरे में दोनों किशोरियों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद उनके बेसुध होने पर आरोपियों ने उनके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए।
पीड़िताओं के होश में आने के बाद आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें डराया-धमकाया। आरोप है कि बाद में मुख्य आरोपी युवती ने दोनों किशोरियों पर दोबारा जोधपुर आकर युवकों से मिलने का दबाव भी बनाया और बात नहीं मानने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
डर के कारण कई दिन नहीं बताई बात :
घटना के बाद दोनों किशोरियां किसी तरह अपने घर पहुंचीं। डर और धमकी के कारण उन्होंने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। कुछ दिन बाद दोनों ने अपनी एक रिश्तेदार को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर रिपोर्ट दर्ज कराई।
डीवाईएसपी करेंगे मामले की जांच :
नोखा थाना पुलिस के एसएचओ गोविंद सिंह चारण के अनुसार, नामजद युवती सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

