इंस्पायर अवॉर्ड हेतु राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रहलाद की ढाणी, रोड़ा के दो विद्यार्थियों का चयन
RNE Bikaner.
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रहलाद की ढाणी, रोड़ा के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित इंस्पायर अवॉर्ड के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थियों के नवाचारी प्रोजेक्ट्स ने वैज्ञानिक दृष्टि और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट परिचय दिया है।
विद्यालय की विद्यार्थी संध्या प्रस्तुत प्रोजेक्ट “ध्वनिक वायु गुणवत्ता निगरानी” वायु गुणवत्ता के आकलन की एक आधुनिक अवधारणा पर आधारित है, जिसमें साउंड वेव्स और संवेदनशील माइक्रोफोन के माध्यम से प्रदूषण के संकेतों का अध्ययन करने का प्रस्ताव है। यह प्रणाली वायु गुणवत्ता की निगरानी तथा प्रदूषण स्रोतों की पहचान में सहायक हो सकती है।
इसी प्रकार विद्यार्थी राधाकिशन द्वारा प्रस्तावित प्रोजेक्ट “हॉस्पिटल नॉइज़ कंट्रोल सिस्टम” में अस्पतालों के विभिन्न हिस्सों में शोर स्तर की निगरानी के लिए साउंड सेंसर आधारित व्यवस्था का सुझाव दिया गया है, जो अधिक शोर की स्थिति में शांत वातावरण बनाए रखने के उपाय करने में सहायक हो सकती है।
इंस्पायर अवॉर्ड प्रभारी प्रह्लाद राम सीगड़ ने बताया कि ग्राम पंचायत रोड़ा परिक्षेत्र में कुल तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें से दो विद्यार्थी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रहलाद की ढाणी, रोड़ा के हैं।
प्रधानाध्यापक नदीम अहमद ने बताया कि पूर्व में भी इस विद्यालय से इंस्पायर अवॉर्ड के लिए विद्यार्थियों का चयन होता रहा है, जो विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की नवाचारी सोच का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकगण करणी सिंह राठौड़, माया सिहाग, हेमलता गोदारा, पूनम चंद बिश्नोई तथा एसएमसी अध्यक्ष रामेश्वर देहड़ू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

