Movie prime

Rail Overbridge सहित 163 करोड़ के विकास कार्यों का केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया लोकार्पण, शिलान्यास

 

बीकानेर में 163 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

Rudra News Express Bikaner-ShriDungargarh. 

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में 163 करोड़ रुपये की सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

ये काम होंगे : 

श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को आधारभूत विकास की बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को करीब 163 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, विद्युत और पेयजल से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रेल ओवरब्रिज का शिलान्यास : 

कार्यक्रम के दौरान श्रीडूंगरगढ़–बिदासर राज्य राजमार्ग (एसएच-93) पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर नए ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस), पावर ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि और अन्य विद्युत परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा विस्तार : 

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सोनियासर शिवदान, डेलवा, धोलिया और लाधड़िया में नवस्थापित स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया। वहीं, डेलवा में नए ट्यूबवेल का भी उद्घाटन हुआ, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।

सड़कों का होगा विस्तार, आवागमन बनेगा आसान : 

ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपनी, बेनीसर, डेलवा, गुसाईसर बड़ा और पुनरासर सहित कई सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसके अलावा पुनरासर–राजपुरा–सेरूणा–सांवतसर–राजेडू दोहरी लेन सड़क निर्माण परियोजना की भी आधारशिला रखी गई, जिसे क्षेत्र की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में माना जा रहा है।

ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता : 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : 

श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद आधारभूत ढांचा मजबूत होगा, आवागमन सुगम बनेगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

कार्यक्रम में राजस्थान राज्य कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सूथार, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB