RudraNewsExpress_Logo

कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की कक्षाओं का किया आकस्मिक निरीक्षण, अनुपस्थित विद्यार्थियों के प्रति सख्त रुख
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के परिसर में संचालित विभिन्न विभागों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अब कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थियों को आयोजित होने वाली परीक्षाओं में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमित कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार को परिसर में संचालित विधि, भूगोल, सूक्ष्मजीव विज्ञान, योग, राजस्थानी, ड्राइंग एंड पेंटिंग, एमबीए तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागों की कक्षाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने कम उपस्थिति पर नाराजगी जताई तथा विभागाध्यक्षों एवं विभाग प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कुलगुरु ने निर्देशित किया कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को इसकी सूचना दी जाए तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन करने के लिए पाबंद किया जाए। इसके बावजूद लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका नाम कक्षा से पृथक किया जा सकता है तथा उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित किया जाएगा।

उन्होंने विभागों में कार्यरत नियमित एवं अतिथि शिक्षकों को भी निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। सभी प्रवेशित विद्यार्थियों को कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित करने के साथ उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाए।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उपस्थिति की निर्धारित अनिवार्यता पूरी करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी। कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई द्वारा आगामी दिनों में भी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं कक्षाओं का लगातार आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा।

FROM AROUND THE WEB