वार्ड संख्या 75 से महावीर रांका की बजाय विशाल गोलछा भाजपा कैंडीडेट
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर की चुनावी बिसात पर मंगलवार को एक ऐसा घटनाक्रम हुए जिसने सभी चौंका दिया। भाजपा की ओर से महापौर पद के प्रबल दावेदार और पूर्व यूआईटी चेयरमेन महावीर रांका का नामांकन दाखिल होने के बाद अचानक टिकट काट दिया गया। उनकी जगह भाजपा ने विशाल गोलछा को प्रत्याशी घोषित किया है।
इससे पहले महावीर रांका पूरे दल-बल के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। उन्हें वार्ड संख्या 75 से भाजपा प्रत्याशी बनाया जाना लगभग तय हो चुका था। रांका के टिकट को लेकर हालांकि भाजपा के विधायकों ने भी विरोध किया लेकिन प्रदेश स्तर से इस पर लगभग मुहर लग गई। आज दोपहर महावीर रांका ने नामांकन भी दाखिल कर दिया। नामांकन का समय समाप्त होने से कुछ ही समय पहले विशाल गोलछा भी नाम दाखिल करने के निर्देश मिले। हालांकि विशाल गोलछा का नाम पहले भी विधायक की ओर से दिया गया था। प्रदेश और राष्ट्र स्तर के नेताओं से भी गोलछा की नजदीकी होने की बातें सामने आई थी लेकिन टिकट पैनल में स्थानीय और प्रदेश स्तर पर उन्हें खास तवज्जो नहीं दी गई।
बताया जाता है कि नामांकन के आखिरी दिन एक बार फिर बीकानेर शहर के दोनों विधायकों ने पुरजोर तरीके से रांका के नाम का विरोध किया और अपनी आपत्ति जताई। इस बीच गोलछा के हाईकमान के नजदीकियों ने उनका नाम बढ़ाया और ऐनवक्त पर पाशा पलट गया।
अब शहर से लेकर प्रदेश स्तर तक सबसे बड़ी चर्चा रांका के टिकट कटने की ही है। गौरतलब है कि किसी समय में रांका और केद्रीय मंत्री अर्जुनराम के बीच 36 का आंकड़ा था। पिछले कुछ समय से केन्द्रीय मंत्री के पुत्र भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल के हस्तक्षेप से ये दूरियां लगभग खत्म हो गई। इस बार टिकट की पैरवी करने वालों में भी केन्द्रीय मंत्री और रविशेखर मेघवाल का नाम होने की चर्चा सबसे ज्यादा रही। ऐसे मंे अब यह टिकट कटने के बाद बीकानेर की भाजपा सियासत में जबरदस्त बदलाव या बगावत होने का अनुमान भी है।

