बीकानेर स्थापना दिवस पर के लक्ष्मीनाथ परिसर में संस्कृति के चित्र उकेरने वाले कलाकारों का सम्मान
RNE Bikaner.
बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस पर श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क की दीवारों को कलात्मक चित्रों से सजाने वाले शहर के 30 चित्रकारों का शनिवार को सम्मान किया गया। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति की ओर से बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर और पार्क के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि देवस्थान विभाग की ओर से मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों के विकास के लिए 1.25 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही मंदिर के पास स्थित पुल के पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार से 2.50 करोड़ रुपए मंजूर करवाए गए हैं। उन्होंने समिति की अन्य मांगों पर जिला प्रशासन से समन्वय कर समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य विशिष्ट अतिथि तथा हल्दीराम मूलचंद हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पिंटू नाहटा अध्यक्ष रहे। डॉ. नाहटा ने लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग और व्यायाम अपनाने की प्रेरणा दी।
समिति सचिव सीताराम कच्छावा ने विधायक के समक्ष मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व स्वीकृत 1.50 करोड़ रुपए के कार्य शीघ्र शुरू करवाने, पार्क में अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति, फव्वारों के नियमित संचालन, बाल उद्यान में मल्टीपर्पज झूले और ओपन जिम में नई मशीनें लगाने सहित विधायक कोटे से 20 लाख रुपए उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
इस अवसर पर धर्मा स्वामी, रामकुमार भादाणी, कमल किशोर जोशी, उमाशंकर परिहार, सुधीर वर्मा, अनिल बन, राजेंद्र पुरोहित, जयश्री सुथार, लक्ष्या रांकावत, डिंपल गुप्ता, गणेश ओझा, आरती भादानी, श्रद्धा जोशी और अन्नपूर्णा जोशी सहित कई चित्रकारों का दुपट्टा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

