बाफना स्कूल के पास पानी की कुंडी में मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
Rudra News Express Bikaner.
गंगाशहर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नोखा रोड स्थित बाफना स्कूल के पास पानी की कुंडी में एक महिला का शव तैरता मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी की कुंडी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की पहचान तथा मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शव को सामाजिक संस्था खिदमतगार खादिम सोसायटी के असहाय सेवा संस्थान के सेवादारों की मदद से पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम और अन्य जांच के आधार पर महिला की मौत की वजह स्पष्ट करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।

