
Bikaner : फूलनाथ जी की बेगेची में चला स्वच्छता अभियान, धार्मिक स्थल को स्पोर्ट्स हब बनाने की मांग
RNE Bikaner.
“ऑवर फॉर नेशन” अभियान के तहत आज रविवार को नया शहर थाना स्टाफ, CLG सदस्यों और समाजसेवियों के साथ मिलकर ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल फूलनाथ जी की बेगेची परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रातः 7 बजे से 8:30 बजे तक चले इस अभियान में सभी ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र भी है। अभियान संयोजक सीए सुधीश शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र की सफाई में लगभग 3-4 रविवार और लगेंगे। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से आग्रह किया कि इस ऐतिहासिक स्थल को विकसित कर यहाँ सीनियर सिटिज़न्स के लिए वॉकिंग ट्रैक और खेल गतिविधियों के लिए स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाए।
टीम ऑवर फॉर नेशन वर्ष 2016 से बीकानेर में सक्रिय है, जो स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित एक नागरिक अभियान है। इसका उद्देश्य हर नागरिक को सप्ताह में एक घंटा देशसेवा और स्वच्छता कार्य में देने के लिए प्रेरित करना है। यह टीम शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, उद्यानों एवं स्कूल-कॉलेज परिसरों में सफाई एवं जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती है।
आज के अभियान में अरुण चम, डॉ. फारूक़, सीए वसीम राजा, मानक व्यास, शनीला ख़ान, सुरभि शर्मा, वंदना शर्मा, डॉ. विशाल मलिक, गुरमोहन सेठी, सीए सुधीश शर्मा, मनोज सोनी, बसंत, सुशील यादव, भवानी सिंह राजपुरोहित, आदित्य बिहानी, राज कुमार पारीक, नया शहर थाना स्टाफ तथा बीजेपी जस्सूसर मंडल के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए।
ऑवर फॉर नेशन टीम ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और अधिक से अधिक नागरिकों से इस सकारात्मक सामाजिक प्रयास में जुड़ने की अपील की।