Skip to main content

बीकानेर: पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी के साथ कांग्रेस का प्रदर्शन, कोलायत-बज्जू के सैकड़ों कार्यकर्ता-प्रतिनिधि शामिल हुए

RNE, Kolayat-Bikaner.

पंचायतों के पुनर्गठन में विसंगतियों को लेकर उठ रहे सुर अब आक्रोश में बदलने लगे हैं। गांवों के लोग सड़क पर उतर रहे हैं और पुनर्गठन और सीमांकन को अव्यवहारिक बताते हुए इसे सुधारने की मांग उठा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को कोलायत से दो बार विधायक रहे पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने बीकानेर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के देहात अध्यक्ष, पदाधिकारियों के साथ सड़क पर उतरे भाटी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विद्वेष के चलते लोगों को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन ने अव्यवहारिक पुनर्गठन और सीमांकन कर दिया है। इसमें तुरंत सुधार किया जाना चाहिये। ऐसा नहीं हुआ तो आक्रोशित लोग आंदोलन को मजबूर होंगे।

बिश्नोई धर्मशाला से पैदल मार्च, कलेक्टर को ज्ञापन :

पूर्व मंत्री भाटी ने देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, भू-दान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, केश कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, प्रधान कोलायत पुष्पादेवी सेठिया, कोलायत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, बज्जू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गणपतराम सीगड़, देशनोक नगरपालिका चेयरमैन ओमप्रकाश मूंधड़ा, झंवरलाल सेठिया, कोलायत उपप्रधान रेवन्तराम, देशनोक नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय सहित बड़ी तादाद ने कांग्रेस नेताओं, पंच-सरपंचों के साथ बिश्नोई धर्मशाला से पैदल मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर नम्रता वृष्णि से मिला और ज्ञापन दिया।

ये बोले भंवरसिंह भाटी :

पूर्व मंत्री भाटी ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा पंचायतीराज इकाइयों व नगर निकायों के परिसीमन की छूट देने के बाद जिला प्रशासन द्वारा विधानसभा क्षेत्र श्रीकोलायत के गांवों को नजदीक की ग्राम पंचायत से हटाकर दूर की ग्राम पंचायत में सम्मिलित किया गया है।

काफी ग्राम पंचायतों को पुरानी नजदीक की पंचायत समितियों से हटाकर नवीन दूर की पंचायत समितियों में शामिल किया है, जो स्थानीय ग्रामीणों की सुविधाओं के अनुरूप नहीं है। प्रशासनिक दृष्टि से भी ग्रामीणों के साथ अन्याय किया गया है। परिसीमन हमेशा ग्रामीणों की सुलभ पहुंच, उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाता रहा है, लेकिन इस बार परिसीमन सरासर गलत किया गया है एवं जनभावना के अनुरूप कई ग्राम पंचायतें भी नहीं बनाई गई है।

इसके साथ ही देशनोक नगरपालिका के वार्डों का परिसीमन भी वार्ड के निवासियों के अनुरूप नजदीकी वार्ड में सम्मिलित ना करके उन्हें भी राजनीति की भेंट चढ़ाया गया है जो सरासर अन्याय है।

सीएम भजनलाल से भाटी की मांग :

भाटी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व जिला प्रशासन से मांग की है कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पंचायतीराज व नगर निकाय के किए गए परिसीमन पर पुनर्विचार कर स्थानीय ग्रामीणों को उनकी सुविधा के अनुरूप उन्हें नजदीक की ग्राम पंचायतों व पंचायत समितियों में सम्मिलित कर जनहित में फैसला लेते हुए ही परिसीमन किया जाए।

इनकी रही उपस्थित :

इस अवसर पर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, भू-दान यज्ञ बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, केश कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, प्रधान कोलायत पुष्पादेवी सेठिया, कोलायत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, बज्जू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गणपतराम सीगड़, देशनोक नगरपालिका चेयरमैन ओमप्रकाश मूंधड़ा, झंवरलाल सेठिया, कोलायत उपप्रधान रेवन्तराम, देशनोक नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, सरपंच भेलू घम्माराम माकड़, सरपंच कोलासर राधेश्याम उपाध्याय, देवी सिंह रावलोत पूर्व सरपंच, चेयरमैन हरिराम सियाग जिला परिषद सदस्य मोहनदान चारण, रूपाराम मेघवाल पूर्व सरपंच, रामगोपाल सियाग पूर्व सरपंच, पंचायत समिति सदस्य जगदीश कसवां, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र कसवां, ओमप्रकाश सैन, भगवंत सिंह हाड़ला, अमोलख कुमावत, जगदीश सारण, सुनील गोदारा, भगीरथ गोदारा सरपंच प्रतिनिधि बज्जू, किशनाराम पंवार सरपंच चानी, सुंदर राठी, पंचायत समिति सदस्य रिहान खान, अशोक मेघवाल, राहुल जादूसंगत, सतपाल कुमावत, सांवरलाल भादू, श्रीकृष्ण गोदारा, जीतराम मुंड सहित बड़ी संख्या में कोलायत विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।