
Bikaner : विपक्ष के तेवर में आई कांग्रेस ने कोटगेट पर धरना देकर अंडरपास का मुद्दा उठाया
- शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत बोले-काम शूरू करो नहीं तो जनआंदोलन होगा
- बिशनाराम की दो टूक-जनहित के मुद्दों से कोई समझौता नहीं
- कलेक्टर को ज्ञापन, 15 दिन का अल्टीमेटम
RNE Bikaner.
बीकानेर की सबसे बड़ी समस्या कोटगेट-सांखला फाटक रेलवे क्रॉसिंग को लेकर अब कांग्रेस सड़क पर उतरी है। बुधवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने कोटगेट पर धरना दिया और जमकर प्रदर्शन किया। देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी वाले इस धरने के बाद कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता कोटगेट से कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर नम्रता वृष्णि से मिलकर ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि 15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो बड़ा जन आंदोलन शुरू करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निवर्तमान गहलोत सरकार की ओर से इस काम के लिए 36 करोड़ रुपए मंजूर कर दिया। इसके बाद भी 14 महीनों में कम चालू नहीं हो पाया है।
ये बोले शहर अध्यक्ष गहलोत :
जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी विचित्र स्थिति है बीकानेर शहर को दो भागों में बांटने वाली रेल लाइन के समाधान हेतु कांग्रेस सरकार द्वारा बजट स्वीकृत और कार्यादेश करने के बावजूद राज्य में भाजपा सरकार के कार्यकाल के 14 माह बीत जाने पर भी कार्य चालू नहीं हुआ। बीकानेर की जनता आज भी रेल फाटक बंद होने के बाद जाम में फंसने को मजबूर है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठने वाली है। आज का धरना सांकेतिक है और आगाह किया है कि बीकानेर की इस मूलभूत समस्या का समाधान शीघ्र हो जिला प्रशासन को हम 15 दिन का समय देते है इसके बाद भी कार्य चालू न हुआ तो अगले महीने से जनांदोलन किया जाएगा। चक्का जाम भी करना पड़ा तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
ये बोले कांग्रेस नेता :
देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि बीकानेर के जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी अगर भाजपा सरकार ने कांग्रेस पार्टी द्वारा स्वीकृत जनकल्याण के कार्यों पर रोक लगाई तो उसका जवाब उसी भाषा में दिया जाएगा
प्रदेश महासचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ ने कहा कि भाजपा जब जब शासन में आई तब तब बीकानेर के कार्यों पर कैंची चलाई है। रेल फाटकों की समस्या महत्वपूर्ण है लेकिन इस बार कांग्रेस भाजपा को चैन से नहीं बैठने देगी।
पूर्व न्यास अध्यक्ष मकसूद अहमद ने कहा कि अब समय आ गया है जब हम सभी को मिलकर इस निरंकुश शासन के खिलाफ लड़ना होगा। ये समस्या आम बीकानेर के नागरिक की समस्या है इसका निवारण पर भाजपा यू टर्न नहीं ले सकती। धरने का संचालन पीसीसी सचिव साजिद सुलेमानी ने किया।
जमकर हुई नारेबाजी :
संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि धरने में बड़ी संख्या में वरिष्ठ और युवा कांग्रेस जन मौजूद रहे। भाजपा सरकार और स्थानीय भाजपा नेतृत्व को जमकर कोसा । इस दौरान रेल फाटकों की समस्या का समाधान करो , भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद, मुख्यमंत्री मुर्दाबाद, अभी तो की अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है, बीकानेर का हक लेकर रहेंगे, आम जनता की पुकार, रेल फाटकों का हो समाधान सरीखे नारे जमकर लगे। उसके बाद कांग्रेस के शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर कार्य अतिशीघ्र चालू करवाने का आग्रह किया।
ये रहे मौजूद :
प्रवक्ता विकास तंवर ने बताया कि धरने को वरिष्ठ कांग्रेसीनेता ख़ुमराज पंवार, कन्हैयालाल कल्ला, अब्दुल मजीद खोखर,मोहम्मदहारून राठौड़ सलीम भाटी,हरिप्रकाश वाल्मिकी, नरसिंहदास व्यास, नित्यानंद पारिक प्रेमरतन जोशी उर्फ पट्टू, पाबूराम नायक,गोपीराम विश्नोई,मगाराम जी, पीसीसी सदस्य सुषमा बारूपाल,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद मिढ़ा, टिंकू भाटी, नंदलाल जावा, मनीष पुरोहित,अयूब अली कायामखानी अनिल कल्ला, अरुण व्यास,ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर जाकिर नागौरी, सेवादल प्रदेश संगठक कमल कल्ला, महासचिव विक्की चढ़ा,रवि पुरोहित, तोलाराम सियाग, प्रेम जोशी त्रिशूल, राहुल जादूसंगत आदि ने संबोधित किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे।