Skip to main content

Bikaneri Holi : कलेक्टर ने गुब्बारे चलाये, एसपी ने ठुमके लगाए, थानों का स्टाफ होली मनाने नहीं आया

RNE Bikaner.

यूं तो होली की रंगत शुक्रवार रात को खत्म हो गई लेकिन शनिवार को एक बार फिर डीजे की धुन पर जमकर ठुमके लगे। गुलाल उडी। होली मनाई गई।

ठुमके लगाने वालों में जहां बीकानेर के एसपी कावेन्द्रसिंह सागर खुद शामिल रहे वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने भी ‘झूठी खाई थी कसम, जो निभाई नहीं’ जैसे गानों पर थिरकते हुए कॉलेज गर्ल्स को भी मात दी।

दरअसल यह नजारा है बीकानेर की पुलिस लाइन का। यहाँ एक दिन बाद यानी शनिवार को होली मनाई गई। इसमें एसपी कावेन्द्रसिंह सागर सहित लाइन पुलिस के जवान, महिला पुलिसकर्मी आदि शामिल हुए। इसके साथ ही अधिकारियों के पारिवारिक सदस्य भी शामिल रहे। सादी वर्दी में पुलिस अधीक्षक को आला अधिकारियों से सामान्य कॉन्स्टेबल तक ने गुलाल लगाया। औपचारिक गुलाल लगाने के बाद डीजे शुरू हुआ तो सभी थिरक उठे।

ज्यादातर पुलिसकर्मियों ने किया होली का बहिष्कार :

हालांकि बीकानेर पुलिस लाइन में होली मनाने की औपचारिकता हुई लेकिन इस बार यहाँ होली फीकी नजर आई। वजह बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों ने इस बार होली का बहिष्कार किया।

दरअसल समय पर डीपीसी और पदोन्नति नहीं होने सहित अपनी कई जरूरी मांगें पूरी नहीं होने से पुलिसकर्मी खासे नाराज है। ऐसे में थानों में नियुक्त कांस्टेबल से लेकर कई इंस्पेक्टर तक पुलिस की होली में शामिल नहीं हुए।

 

कलेक्टर ने चलाये गुब्बारे :

इससे पहले शनिवार को जहां शहरभर में होली की रौनक परवान पर थी उस वक्त बीकानेर के कलेक्टर हाउस में जमकर होली खेली जा रही थी। कलेक्टर नम्रता वृष्णि खुद रंग-गुलाल भरे गुब्बारे फेंकती नजर आई।

बाइक पर घूमते-गुलाल उड़ाते रहे एमएलए जेठानन्द :

होली की रंगत बीकानेर शहर में परवान पर रही। विधायक जेठानन्द व्यास पूरे दिन कभी बाइक पर तो कभी पैदल घूमते हुए लोगो के साथ होली खेलते रहे। उन्होने बारह गुवाड़ में पुजारी बाबा को माला पहलाकर सम्मान किया।

पूरे दिन रंग-राग की बहार :

शहर में शुक्रवार सुबह से देर रात तक रंगो की बौछार होती रही। खासतौर पर हर्षों का दुल्हा, तणी तोड़ना जैसी परम्पराओं को देखने हजारों लोग उमड़े। देर रात तक हर्षों की घाटी में गेअर की धूम रही।