
भाजपा विधायक बालमुकुन्दाचार्य फिर विवाद में, भाजपा भी नाराज
RNE Network.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भाजपा नेताओं के बेतुके बयानों से पार्टी लगातार घिरती जा रही है। सबसे पहले मध्यप्रदेश में कैबिनेट मंत्री ने ऑपरेशन को लीड करने वाली सोफिया कुरेशी पर विवादित बोल दिया। जिस पर अब भी बवाल मचा हुआ है।
कोर्ट के दखल से उन पर एफआईआर दर्ज हुई। पार्टी को भी इस बयान की निंदा करनी पड़ी। हालांकि मंत्री ने माफी मांगी पर लोग व विपक्ष नाराज हैं क्योंकि उन पर कोई कार्यवाई नहीं हुई। फिर मध्यप्रदेश के ही उप मुख्यमंत्री ने सेना व पीएम को लेकर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने भी शब्द वापस लिए, उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। पार्टी ने भी निंदा की मगर जनता का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।
हवामहल के विधायक बालमुकुन्दाचार्य का विवादों से गहरा नाता है। पहले मस्जिद के सामने प्रदर्शन किया, पार्टी नाराज हुई तब उसे गलत मानते हुए क्षमा ली। अब तिरंगे से पसीना पौंछने के कथित मामले में भाजपा संगठन ने विधायक बालमुकुन्दाचार्य से नाराजगी जताई है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक बालमुकुन्दाचार्य से पिछले विवादों को जोड़कर बात की। वहीं, मुख्यमंत्री स्तर पर भी यह मामला पहुंचा है। कांग्रेस इस घटनाक्रम पर मुखर हो गई है। सरकार से विधायक पर कार्यवाई की मांग की गई है।