Movie prime

Kangna Ranaut ने Jodhpur के मंदिर में पीएम मोदी के लिए मांगा आशीर्वाद... देखिए क्या बोलीं!

 
RNE Jodhpur.
बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से सांसद कंगना रनौत जोधपुर के प्रसिद्ध रातानाडा गणेश मंदिर पहुंचीं। मंदिर में दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सफल नेतृत्व की कामना की। कंगना की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचीं कंगना ने भगवान गणेश के चरणों में पुष्प अर्पित किए और नारियल चढ़ाकर पूजा की। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह भगवान का आभार व्यक्त करने और देश के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करने आई हैं।
"देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत" : 
कंगना ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत को एक मजबूत और स्थिर नेतृत्व की आवश्यकता है।
 "मैं भगवान गणेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करने आई हूं। आज दुनिया जिस दौर से गुजर रही है, उसमें भारत के लिए मजबूत नेतृत्व बेहद जरूरी है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश-विदेश में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्होंने ईश्वर से उनके सशक्त नेतृत्व को बनाए रखने की प्रार्थना की।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर पूछे गए सवाल पर कंगना ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा "जो काम कांग्रेस अपने 60 वर्षों के शासनकाल में नहीं कर पाई, वह हमारी सरकार ने 12 वर्षों में करके दिखाया है। भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और हर क्षेत्र में विकास दिखाई दे रहा है।"
कंगना ने दिल्ली और पश्चिम बंगाल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कई राज्यों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
"मोदी जी साधारण व्यक्ति नहीं" : 
अपने बयान में कंगना ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव लगातार बढ़ा है।
 "हमें यह याद रखना चाहिए कि मोदी जी कोई साधारण मानव नहीं हैं। उनके जैसा नेतृत्व मिलना देश का सौभाग्य है। आने वाला दशक भी भारत उनके नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छुएगा।"
दुनिया में बढ़ा भारत का रुतबा
कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूरे होने पर दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी, जो भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का प्रतीक है।
 "आज भारत की डिप्लोमेसी और वैश्विक प्रतिष्ठा नई ऊंचाइयों पर है। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखते हैं और इसी कारण दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।"
मंदिर में गूंजे जयकारे
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने "गजानंद महाराज की जय" के जयकारे लगाए। कंगना ने भी मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके मंदिर पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB