अभिनेत्री को सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट डालना पड़ा महंगा, गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट डालना एक फिल्म अभिनेत्री को महंगा पड़ गया है। जहां पर एक फिल्म अभिनेता के खिलाफ लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही थी। इस पर अभिनेता की तरफ से पुलिस को शिकायत दी थी और पुलिस ने मामला दर्ज करके अभिनेत्री को गिरफ्तार कर लिया।
हम बात कर रहे है मलयालम अभिनेत्री मीनू मुनीर की। अभिनेत्री मीनू मुनीर को कोच्चि साइबर पुलिस ने फिल्म निर्माता और अभिनेता बालचंद्र मेनन द्वारा दायर मानहानि की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी मुनीर द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों के कारण हुई है, जिसके बारे में मेनन ने दावा किया था कि वे मानहानिकारक प्रकृति के हैं। हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद उन्हें जमानत दे दी गई।
केरल हाई कोर्ट ने पहले उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। वह इस मामले में पहली आरोपित हैं, जिसे 2024 में दर्ज किया गया था। कथित तौर पर उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर उनके बारे में बार-बार अपमानजनक पोस्ट किए। मीनू मुनीर ने अभिनेता और विधायक एम मुकेश के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई, जो कोल्लम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इंटरनेट मीडिया पर कई पोस्ट और साक्षात्कारों में मुनीर ने उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों पर उनके व्यावसायिक सहयोग के दौरान यौन दुराचार और दुर्व्यवहार का सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था। इस बीच, यह गिरफ्तारी उस विवाद में एक नया मोड़ है, जिसने हाल के महीनों में मलयालम फिल्म उद्योग को हिलाकर रख दिया है।