Movie prime

silver crash : घरेलू मार्केट में चांदी में सबसे बड़ी गिरावट, सराफा बाजार में 18.85 प्रतिशत कम हुई कीमत 

 

एमसीएक्स में चांदी की कीमतों में लगभग एक लाख रुपये की गिरावट के बाद घरेलू मार्केट में भी चांदी की कीमत धड़ाम हुई है। राजधानी दिल्ली में चांदी के मूल्य में 72,500 रुपये या 18.85 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। आल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, अब दिल्ली में चांदी का मूल्य 3.12 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है।

चांदी की कीमतों में यह लगातार दूसरे दिन की भारी गिरावट है और इससे सप्ताह की रिकार्ड बढ़त का बड़ा हिस्सा खत्म हो गया। गत गुरुवार को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंची थी। शुक्रवार को यह 20,000 रुपये या लगभग पांच प्रतिशत गिरकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी।

इसी तरह, सोने के मूल्य में 3,500 रुपये नया 2.07 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है और अब इसका मूल्य 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। गुरुवार को सोना 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

शुक्रवार को इसमें 14 हजार रुपये या 7.65 प्रतिशत की गिरावट हुई थी और यह 1,69,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया था। विश्लेषकों का कहना है कि यह बिकवाली डालर में मजबूती की वजह से हुई, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से केविन वार्श को केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का नया प्रमुख नामित किए जाने के कारण डालर सूचकांक में बढ़ोतरी हुई है।

भाव में उतार-चढ़ाव ने किया सोचने पर मजबूर

चांदी के भाव में इस साल काफी उतार-चढ़ाव दिखा है। हालांकि दिसंबर में भी चांदी के दाम शिखर पर थे, लेकिन साल 2026 की शुरुआत होते ही चांदी का भाव सातवें आसमान पर चढ़ गया। सर्राफा बाजार में खरीददारों की संख्या में भी इजाफा हुआ। प्रतिदिन बढ़ते रेट देखकर लोग इसमें निवेश करने को शानदार अवसर मान रहे थे।

अब अचानक गिरावट आने से ग्राहकों को चांदी के उतार-चढ़ाव ने खरीदारी के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया है। कुल मिलाकर इस साल के पहले महीने में चांदी और सोने की ज्वेलरी में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जिस तरह से दिसंबर 2025 के अंत में देश में चांदी की कीमतों में रिकार्डतोड तेजी देखने को मिली थी, उसी तरह से अब गिरावट को रिकार्ड बताया जा रहा है।

FROM AROUND THE WEB