EPF Update : ईपीएफ सदस्यों के लिए खुशखबरी, अप्रैल-मई में ही मिलेगा ईपीएफ पर ब्याज
ईपीएफ सदस्यों के लिए खुशखबरी है। इस बार ईपीएफ पर मिलने वाले ब्याज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि जल्द ही उनके ईपीएफ अकाउंट में ब्याज की राशि आने वाली है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) इस वर्ष ईपीएफ खाताधारकों को वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज उनके खाते में रिकार्ड समय के भीतर जमा कराने की तैयारी में है।
ईपीएफओ की योजना है कि इसी महीने से घोषित 8.25 प्रतिशत ब्याज जमा कराने की शुरुआत कर दी जाए और मई के अंत तक सभी खातों में ब्याज जमा कर दिया जाए। हालांकि, संगठन को बीते वित्त वर्ष के लिए घोषित ब्याज जमा कराने के लिए अभी वित्त मंत्रालय की मंजूरी का इंतजार है।
अधिसूचना जारी होने के पश्चात ईपीएफ खातों में ब्याज की रकम जमा कराने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उम्मीद है कि अप्रैल के पहले पखवाड़े तक वित्त मंत्रालय स्वीकृत ब्याज दर के प्रस्ताव को मंजूरी दे देगा। सूत्रों ने बताया कि श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने भी ईपीएफओ सदस्यों के खाते में ब्याज की रकम यथाशीघ्र जमा कराने के लिए विशेष रूप से निर्देश दिया है।

