NEET UG-2026 पेपर लीक: चार्जशीट पर सुनवाई शुरू, एजेंसी ने कोर्ट में रखी दलीलें
RNE Network.
जांच एजेंसी सीबीआई ने दावा किया है कि नीट यूजी - 2026 का प्रश्रपत्र लीक एक सुनियोजित और कई राज्यों में फैली आपराधिक साजिश का हिस्सा था। दिल्ली की रायज एवेन्यू अदालत में दाखिल आरोप पत्र में एजेंसी ने 13 लोगों को आरोपी बनाया है।
इनमें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ( एनटीए ) के तीन विषय विशेषज्ञ भी शामिल है। सीबीआई के अनुसार इन विषय विशेषज्ञों ने परीक्षा से पहले ही गोपनीय प्रश्न पत्र हासिल कर उसे बिचौलियो और कोचिंग संचालकों तक पहुंचाया। जिन्होंने अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर इसे आगे बांटा।
आरोपियों में वनस्पति विज्ञान विशेषज्ञ मनीषा गुरुनाथ मांढरे, रसायन विज्ञान विशेषज्ञ प्रह्लाद विट्ठलराव कुलकर्णी और भौतिकी विशेषज्ञ मनीषा संजय हवलदार शामिल हैं। जांच में सामने आया कि लीक प्रश्न पत्र टेलीग्राम, वाट्सएप और अन्य संदेश सेवाओं के जरिये कई दिन पहले साझा किये गए थे।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में शुक्रवार को सीबीआई ने दलीलें रखी। कहा गया कि 12 मई को एफआईआर दर्ज की गई थी। महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों के 92 स्थानों पर छापे मारे गए। इस मामले में पहली गिरफ्तारी 13 मई को की गई थी। 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

