NEET-UG 2026 री-एग्जाम : NTA आज देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित करेगी, परीक्षा 21 जून को, 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे
RNE NewDelhi.
NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित करेगी। एजेंसी के अनुसार यह एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का आकलन करना है।
21 जून को होने वाली परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
राजस्थान के अजमेर में एएसपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी सतर्कता और निर्धारित नियमों के पालन के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
साथ ही जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के DIG श्रीधर पाटिल ने कहा कि NEET की परीक्षा में इस बार अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया जा रहा है। एक अच्छे माहौल में परीक्षा पूर्ण हो इसके लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है।
वहीं यूपी के प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि प्रयागराज में 47 परीक्षा केंद्रों पर NEET की परीक्षा होगी और लगभग 23000 से ज्यादा छात्र हैं जो इसमें प्रतिभाग करेंगे। हमने इसको लेकर पर्याप्त तैयारी की है। पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है और अर्धसैनिक बल को भी तैनात किया गया है।

