RPSC की दो बड़ी भर्तियों में पद बढ़े: SI भर्ती में 61 और सहायक अभियंता भर्ती में 23 नए पद शामिल
RNE Network.
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 तथा सहायक अभियंता भर्ती-2024 के पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। आयोग द्वारा इन दोनों भर्तियों के लिए नवीन वर्गवार वर्गीकरण के संबंध में शुद्धि-पत्र जारी कर दिया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

उप निरीक्षक- एपी (एनएसए) अब 957 पद—
आयोग द्वारा जारी शुद्धि पत्र संख्या 06/2026-27 के अनुसार, गृह (ग्रुप-1) विभाग के लिए उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर के कुल 1015 पदों पर भर्ती के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी किया गया था। विभाग से प्राप्त संशोधित अर्थना के अनुसार, अब उप निरीक्षक (ए.पी.) नॉन-शेड्यूल एरिया के पदों में 61 पदों की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इस कैटेगरी में कुल पदों की संख्या 896 से बढ़कर 957 हो गई है।

उप निरीक्षक (एपी) शेड्यूल एरिया, सहरिया, उप निरीक्षक (आइबी) व प्लाटून कमांडर के पूर्व विज्ञापित पदों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
सहायक अभियंता -सिविल (जल संसाधन विभाग) : 179 पद
सहायक अभियंता भर्ती-2024 अंतर्गत सहायक अभियंता -सिविल (जल संसाधन विभाग) के पदों में वृद्धि के संबंध में शुद्धि पत्र संख्या 05/2026-27 जारी किया गया है। उक्त भर्ती अंतर्गत सहायक अभियंता के कुल 1014 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2024 में विज्ञापन जारी किया गया था। अब इसमें जल संसाधन विभाग हेतु सहायक अभियंता (सिविल) के पदों में 23 पदों की वृद्धि की गई है। इसके फलस्वरूप विभाग से प्राप्त नवीन अर्थना के अनुसार कुल पदों की संख्या 156 से बढ़कर अब 179 हो गई है।

